अब शहर में प्रशासन से अनुमति लिए बगैर नहीं हो सकेंगे कोई आयोजन, साप्ताहिक अवकाश के दिन बंद रखने होंगे बाजार
ग्वालियर. लगातार बढ़ते कोरोना मरीजों की संख्या के बाद अब एक बार फिर सख्ती का दौर लौट आया है। कोरोना की बढ़ती रफ्तार को रोकने के लिए जिला प्रशासन और जिला क्राइसिस मैनेजमेंट की आज बैठक वेबिनार (वेब कॉन्फ्रेंसिंग) के जरिए हुई। बैठक में कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए तय किया कि जिस बाजार को जो साप्ताहिक अवकाश है उस दिन बाजार पूरी तरह से बंद रहें।
आयोजन से पहले जिला प्रशासन से अनुमति लेनी होगी
रविवार को महाराज बाड़ा से लगे बाजार व दौलतगंज और गुरूवार को सैलून की दुकाने बंद रहेंगी इसके अलावा अब जिले में होने वाले किसी भी प्रकार के आयोजन से पहले जिला प्रशासन से उसकी अनुमति लेनी होगी। इसके पीछे प्रशासन का मकसद आयोजन में कोविड गाइड लाइन का सख्ती से पालन कराना है। खास बात ये है कि आयोजन स्थल की कुल क्षमता से 50 प्रतिशत से ज्यादा लोगों के शामिल होने पर भी रोक रहेगी। बैठक में सांसद विवेक शेजवलकर, कलेक्टर कौशलेंद्र सिंह, जिला पंचायत सीईओ किशोर कान्याल, एडीएम रिंकेश वैश्य, पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सचिव प्रवीण अग्रवाल, सीएमएचओ मनीश शर्मा शामिल हुए।
मरीज बढ़े तो सख्ती और ज्यादा होगी
पिछले 13 दिन में 190 कोरोना संक्रमित मरीज सामने आ चुके है। अगर मरीजों का यह आंकड़ा इसी तरह बढ़ा तो एक साल पहले जिस तरह की सख्ती नजर आई ठीक वैसे ही सख्ती फिर की जा सकती है। इसमें नाइट कर्फ्यू लगाए जाने पर भी फैसला लिया जा सकता है।

