होली के रंग में रंगा ग्वालियर, शहर की सबसे बड़ी होली सराफा बाजार में जली
ग्वालियर. मंगलवार रात को होलिका दहन के मौके पर ही पूरा शहर होली के रंग में रंग गया। शहर की सबसे बड़ी होली शहर के सबसे प्रमुख व्यापारिक स्थल सराफा बाजार में जलाई गई। यहां 50 हजार कंडों से करीब 10 फीट ऊंची होलिका बनाई गई थी। जिसे रात शुभ मुहूर्त में जलाया गया, वहीं सराफा व्यापारियों ने होलिका पूजन करने के उपरांत होली दहन किया और रंग लगाकर एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं दी। बता दें कि एक दिन पहले ही शहर के प्रमुख मंदिर सनातन धर्म अचलेश्वर और गिरिराज जी मंदिर आदि स्थानों पर होलिका दहन हुए हैं। होलिका दहन के बाद लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर उनको होली की शुभकामनाएं देकर अबीर गुलाल लगाया। पूरे शहर में छोटी-बड़ी होली मिलाकर करीब एक हजार से ज्यादा स्थानों पर सार्वजनिक होलिका दहन किया गया है।
सराफा में जली सबसे ऊंची होली
शहर की सबसे बड़ी और ऊंची होली सराफा बाजार में जलाई गई, यहां की होली 10 फीट ऊंची बनाई गई थी। इसे विशाल रूप देने के लिए 50 हजार कंडे लगाए गए थे। होलिका दहन मंगलवार रात किया गया। इस दौरान मथुरा से आई मंडली रासलीला की प्रस्तुती दी। इसके बाद लोगो ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी।
सात महायोग में मनाई जा रही इस बार की होली
इस बार होलिका दहन पुंछ काल की भद्रा में किया गया है। मंगलवार को होलिका दहन हुआ है जो कि गुरुदेव बृहस्पति का दिन है। साथ ही बृहस्पति का दृष्टि संबंध चंद्रमा से होने से गजकेसरी योग बना रहा। वृद्धि योग, अमृत सिद्धि योग, सर्वार्थ सिद्धि योग, ध्रुव योग, वरिष्ठ योग, और केदार योग भी इस होली के पर्व को शुभता प्रदान कर रहे हैं। होली पर ऐसे महायोग इसके पहले कभी नहीं बने हैं। इन बड़े शुभ योगों में होलिका दहन देश व समाज के लिए शुभ रहने वाला है। इन ग्रहों के योग से लोगों के मान सम्मान में वृद्धि होगी तथा पारिवारिक सुख समृद्धि भी बढ़ेगी।

