होली पर सुरक्षा व्यवस्था में लगाए 1500 जवान, कलेक्टर-एसएसपी भी मैदान में
ग्वालियर. होली पर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी 1500 जवानों को दी है। पीटीएस तिघरा से 70 जवान व क्यूआरटी,एसटीएफ और एसएएफ की एक एक टुकड़ी भी लगाई गई। जिससे होली और शब-ए- बरात का त्योहार सुरक्षा व सौहार्द पूर्ण ढंग से मनाया जा सके। मंगलवार की रात को जहां एक ओर होली जलाई गई तो दूसरी ओर शब-ए-बरात निकाली गई। दो धार्मिक त्योहार एक साथ मनाए जाने काे लेकर पुलिस व प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह व एसएसपी अमित सांघी खुद मैदान में रहे। दोंनो आला अधिकारियों ने तीनों शहरों का भ्रमण किया व सुरक्षा व्यवस्था को देखा। शहर में 1000 जवान तैनात किए गए जो हर गली,चौराह व तिराहे पर पुलिस बल तैनात रहा,जबकि ग्रामीण क्षेत्र में 500 जवानों को सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई। शहर में ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान भी चलाया गया। जिसमें आधा सैंकड़ा लोग शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़े गए जिन पर पुलिस ने कार्रवाई की।
फिक्स पिकेट लगाए गए
एसएसपी अमित सांघी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था होलिका दहन से ही पहले ही लगा दी गई। मंगलवार की शाम से ही पुलिसकर्मी और एसएएफ जवान शहर में अपने-अपने पाइंट पर तैनात हो गए । शहर के संवेदनशील इलाके- अवाड़पुरा, बहोड़ापुर, किशनबाग, इस्लामपुरा, उपनगर ग्वालियर, सेवानगर में ड्रोन से निगरानी भी रखी गई। कोतवाली, कंपू, माधौगंज, हजीरा, ग्वालियर, पड़ाव, बहोड़ापुर,पुरानी छावनी,मुरार,गोला का मंदिर, थाटीपुर,महारापुरा,इंरगंज, झांसी रोड,गिरवाई, जनकगंज ,सिरोल व सिटी सेंटर में मिलाकर कुल 59 फिक्स पिकेट लगाए गए।
बुधवार को कड़ी सुरक्षा में खिलेगी होली
एसएसपी अमित सांघी का कहना है कि शहर के अति संवेदनशील स्थानों को चिन्हित किए गए हैं। वहां पर पुलिस फोर्स तैनात करने के साथ ही निगरानी रखी गई है। पुलिस बल बुधवार की सुबह से ही शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात रहेगा। कड़ी सुरक्षा के बीच होली का त्योहार मनाया जाएगा। ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान बुधवार को भी चलेगा। यदि कोई भी वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाता हुआ पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

