सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद विधायक रामबाई के पति की गिरफ्तारी के लिए डीआईजी ने मोर्चा संभाला
दमोह. कांग्रेस नेता देवेंद्र चौरसिया हत्याकांड के आरोपी गोविंद सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद मप्र पुलिस हरकत में आई है। डीआईजी आरएस डेहरिया ने शनिवार को दमोह जिले का मोर्चा संभाला, उन्होंने जिले के पुलिस अधिकारियों से चर्चा की वहीं दमोह पुलिस अधीक्षक हेमंत चौहान 2 दिन के अवकाश पर चले गए है। गोविंद सिंह की गिरफ्तारी के लिए एसडीओपी हटा के नेतृत्व में पहले से टीम गठित है।
डीआईजी डेहरिया ने इस मामले में टीम से फीडबैक लिया और आवश्यक निर्देश दिए और कहा कि एसपी के अवकाश पर होने के चलते अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार सिंह से पूरे प्रकरण की जानकारी तलब की है। इस मामले में उच्चतम न्यायालय के सख्त निर्देश के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। सुप्रीम कोर्ट ने दो दिन पहले पथरिया विधायक रामबाई के पति गोविंद सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी नहीं होने पर मध्य प्रदेश सरकार को जमकर फटकार लगाई थी।

