सिंधिया ने मांगे 25 करोड़, विधायक का जवाब सुन भड़के, हुई बहस
ग्वालियर. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा 17 दिन बाद की गई ग्वालियर विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में सडकों की बदहाली पर गरमा गरम बहस हो गई। एक ओर जहां सिंधिया ने निगम फंड से 25 करोड देने की बात कही, कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार ने निगम के खाली खजाने का हवाला देते हुए फंड की उपलब्धता पर सवाल खडे कर दिए। उन्होंने कहा कि शहर की गलियों, मोहल्लों और कॉलोनियों व मुख्य सडकें मिलकर 3000 के लगभग सडकें खराब है। इस मुद्दे पर दोनों नेताओं के बीच गरमा-गरम बहस हुई जिससे शहर में सडकों की हालत को लेकर सियासी पारा चढ गया है।
171 सडकें रेड जोन में
बैठक में निगमायुक्त ने शहर की 359 सडकों का ब्यौरा पेश किए जिसमें 171 सडकों को रेड जोन में बताया गया। यानी उनकी हालत बेहद खराब है। इन सडकों की मरम्मत के लिए 165 करोड की जरूरत बताई गई। इस पर सिंधिया ने कहा 20 से 25 करोड निगम फंड से व्यवस्थित किए जाएं।

