सतीश सिकरवार की फिसली जुबान जोश में लगा दिया नारा प्रियंका गांधी मुर्दाबाद
ग्वालियर. उप्र के लखीमपुर खीरी मामले में योगी सरकार का पुतला दहन किया गया, पुतला दहन करने पहुंचे कांग्रेसियों को उस समय लेने के देने पड़ गए जब कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार ने जोश में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता प्रियंका गांधी मुर्दाबाद कह गए। उनके मुंह से निकले शब्द पास ही खड़े कांग्रेस नेता सुनील शर्मा ने सुने तो वह तत्काल पलटे। इस समय तक कांग्रेस विधायक को भी इसका अहसास हो चुका था। इसके बाद तो उन्होंने एक दर्जन बार प्रियंका गांधी जिंदाबाद कहा लेकिन उनके मुर्दाबाद का नारा वहां खड़े लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। अब इस पर कांग्रेस विधायक को जवाब नहीं देते बन रहा है।
लखीमपुर खीरी में किसानों की मौत और केन्द्रीय राज्यमंत्री के बेटे सहित 14 पर हत्या का मामला दर्ज होने के मामले में यूपी सरकार और सीएम योगी आदित्यनाथ का पुतला दहन करने के लिए कांग्रेस ने सोमवार शाम को फूलबाग चौराहा पर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन में ग्वालियर पूर्व विधानसभा से कांग्रेस विधायक डॉ. सतीश सिकरवार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुनील शर्मा मौजूद रहे। फूलबाग पर यूपी के सीएम योगी का पुतला दहन किया गया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई।
ऐसे फिसली विधायक सतीश की जुबान
जब पुतला दहन चल रहा था तो कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार पुतला को पकड़कर जोश-जोश में नारेबाजी कर रहे थे। सबसे पहले उन्होंने बोला राहुल गांधी जिंदाबाद पीछे से कार्यकर्ताओं ने भी कहा जिंदाबाद इसके बाद सोनिया गांधी जिंदाबाद कहा यहां तक तो ठीक था पर इसके बाद जोश-जोश में उनके मुंह से प्रियंका गांधी मुर्दाबाद निकल गया। यह सुनते ही पास खड़े कांग्रेस नेता सुनील शर्मा आश्चर्य चकित रह गए। अब तक विधायक को भी अपनी गलती समझ में आ गई थी। उन्होंने तत्काल बात को संभालते हुए प्रियंका गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए। करीब 10 बार यह नारा बार-बार लगाया, जिससे मुर्दाबाद को लोग भूल जाएं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आ गया है।

