शाहरूख खान के बेटे आर्यन को हॉलिडे कोर्ट ने 1 दिन की एनसीबी कस्टडी में भेजा, 9 लोग गिरफ्तार
मुंबई. शाहरुख खान के बेटे आर्यन को ड्रग्स केस में अरेस्ट किया गया है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने रविवार को उन्हें हॉलिडे कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आर्यन और उनके साथ अरेस्ट किए गए अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमीचा को एक दिन के लिए एनसीबी की कस्टडी में भेज दिया है इसके बाद एनसीबी की टीम तीनों को वापस अपने दफ्तर ले आई।
इधर, रविवार देर शाम एनसीबी ने इसी मामले में हिरासत में लिए गए 5 और लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इन पांचों के नाम हैं- नुपुर सारिका, इस्मीत सिंह, मोहक जसवाल, विक्रांत छोकर और गोमित चोपड़ा। इन सभी को एनसीबी सोमवार को कोर्ट में पेश कर ज्यूडिशयल कस्टडी की मांग करेगी। जानकारी के मुताबिक, एक अन्य व्यक्ति को एनसीबी ने बेलापुर से गिरफ्तार किया है। इस तरह केस में कुल 9 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
ड्रग कंजंप्शन और नेक्सस की जांच करेगी एनसीबी
कोर्ट में सरकारी वकील अद्वैत सेतना ने कहा एनसीबी की तरफ से हम आर्यन खान, अरबाज और मुनमुन धमीचा की रिमांड मांगते हैं। आरोपियों के पास से वॉट्सऐप चैट मिले हैं, जिनकी जांच जारी है। इसके अलावा आरोपियों से प्रतिबंधित ड्रग्स भी मिली है। उसके सोर्स और लिंक्स खंगालने जरूरी हैं। सेतना ने कहा कि वॉट्सऐप चैट से पता चलता है कि आरोपी ड्रग कंजंप्शन और ड्रग्स नेक्सेस से जुड़े हुए हैं। इसके बाद स्टेट बनाम अनिल शर्मा केस का हवाला देते हुए सेतना ने जमानती धारा में आर्यन की कस्टडी की मांग की।

