लगभग 11 करोड़ रूपए की लागत से हजीरा से किलागेट और किलागेट से फूलबाग तक बनेगी आधुनिक सड़क – तुलसीराम सिलावट
आपकी उम्मीदों पर खरा उतरेगा आपका सेवक – ऊर्जा मंत्री श्री तोमर
ग्वालियर हजीरा से किलागेट और किलागेट से फूलबाग तक सड़क निर्माण का कार्य किया जाएगा। इन मार्गों पर डिवाइडर, आधुनिक लाईट और पानी की निकासी के लिए नालियां भी निर्मित की जायेंगीं। इसके बन जाने से आम लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधायें मिलेंगीं। लगभग 11 करोड़ रूपए की लागत से इन सड़कों का निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट के मुख्य आतिथ्य में सड़क का भूमिपूजन समारोह आयोजित हुआ।
जिले के प्रभारीमंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा है कि ग्वालियर में विकास के अनेक कार्य किए जा रहे हैं। अमृत योजना के तहत पूरे शहर में पानी और सीवर की लाइन बिछाने का कार्य किया गया है। इसके साथ ही सीवर ट्रीटमेंट प्लांट और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के साथ ही पेयजल टंकियों का निर्माण कार्य भी हुआ है। इस परियोजना का पूरा कार्य 31 दिसम्बर तक कर लिया जाएगा। इसके पूर्ण होने से लोगों को शुद्ध पेयजल की उपलब्धता के साथ-साथ सीवर की समस्या से स्थायी निदान भी मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत भी ग्वालियर में अनेक कार्य किए जा रहे हैं। इनके पूर्ण होने पर ग्वालियर की तस्वीर बदली-बदली नजर आयेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि आपका सेवक आपकी उम्मीदों पर खरा उतरेगा। क्षेत्र के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जायेगी। ग्वालियर विधानसभा में नागरिकों को मूलभूत सुविधायें मिलें, इसके लिए सभी कार्य किए जायेंगे। सड़कों के संधारण का कार्य और नई सड़कों के निर्माण का कार्य भी तेजी के साथ किया जाएगा। हमारे लिये यह प्रसन्नता की बात है कि हमारे ही विधानसभा क्षेत्र में अंतर्राज्यीय बस स्टेण्ड का निर्माण और अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम का निर्माण हो रहा है। इनके पूर्ण होने तक क्षेत्र में महत्वपूर्ण सुविधायें लोगों को मिलने लगेंगीं।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय सांसद विवेक शेजवलकर ने कहा कि ग्वालियर में विगत 15 सालों में विकास की अनेक परियोजनायें पूर्ण हुई हैं। अमृत परियोजना, स्मार्ट सिटी परियोजना, प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी अनेक योजनाओं के माध्यम से ग्वालियर में विकास का एक नया अध्याय जुड़ा है। आने वाले दिनों में ग्वालियर के वासियों को बेहतर माहौल और सुविधायें मुहैया होंगीं। उन्होंने कहा कि सड़कों के निर्माण कार्य में भी ग्वालियर में तेजी के साथ कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम के प्रारंभ में भाजपा जिला अध्यक्ष कमल माखीजानी ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और स्थानीय निकाय के माध्यम से क्षेत्र में विकास के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। इन सड़कों के निर्माण से भी लोगों को बेहतर सुविधायें उपलब्ध होंगीं।
कार्यक्रम में यह भी थे उपस्थित अशोक शर्मा, केशव मांझी, ओमप्रकाश नामदेव, दिनेश तोमर, सुरेन्द्र सिंह चौहान, आशीष प्रताप राठौर, प्रयाग तोमर, बृजमोहन शर्मा, विकास गिरि सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

