ग्वालियर में हिंदू जागरण मंच के नेताओं ने प्रभारी मंत्री के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए
ग्वालियर. शहर में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब सर्किट हाउस के बाहर प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट मुर्दाबाद के नारे लगना शुरू हो गए। यह नारे हिंदू जागरण मंच के नेता लगा रहे थे। वह प्रभारी मंत्री से मिलने पहुंचे थे लेकिन वहां उनके स्टाफ ने मुलाकात नहीं करने दी। मुर्दाबाद के नारे और शोर सुनते ही प्रभारी मंत्री सिलावट बैठक छोड़कर बाहर की तरफ भागे जिसके बाद हिंदू जागरण मंच के नेताओं से बात कर उनको मनाया साथ ही अंदर ले गए। उनकी बात सुनी और समस्याओं पर आश्वासन दिया। हिंदू जागरण मंच के सदस्य शहर में कुछ वर्चस्व वाले लोगों के अतिक्रमण की शिकायत लेकर पहुंचे थे।
क्या है पूरा मामला
जिले के प्रभारी व जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ग्वालियर प्रवास पर थे। वह सर्किट हाउस में अफसरों की बैठक ले रहे थे। इसी समय वहां ज्ञापन देने के लिए हिंदू जागरण मंत्र के कार्यकर्ता व नेता पहुंच गए। वह प्रभारी मंत्री सिलावट से मुलाकात कर शहर में कुछ वर्चस्व वाले लोगों द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण की शिकायत करना चाहते थे। बाहर तैनात स्टाफ ने उनको वहीं ज्ञापन देने के लिए कहा, लेकिन हिंदू जागरण मंच के नेता मिलकर ही ज्ञापन देना चाहते थे। इस पर वहां प्रभारी मंत्री के पीए से उनकी बहस भी हुई। जब काफी देर तक प्रभारी मंत्री मिलने नहीं आए तो हिंदू जागरण मंच के नेताओं का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। फिर क्या था वह हॉल से निकलकर परिसर में आए और प्रभारी मंत्री मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। जब वहां शोर शुरू हुआ तो अंदर मीटिंग हॉल तक आवाज पहुंची। प्रभारी मंत्री को पता लगा कि उनके मुर्दाबाद के नारे लग रहे हैं। इस पर वह बैठक छोड़कर दौड़ते हुए बाहर आए और नारेबाजी करते हुए जा रहे हिंदू जागरण मंच के नेताओं को रोका और उनसे बात की। । इस दौरान हिंदू जागरण मंच के लोगों द्वारा मंत्री सिलावट के साथ बहस बाजी भी की, हालांकि कार्यकर्ताओं की नाराजगी को देखते हुए मंत्री सिलावट उन्हें सर्किट हाउस के कमरे में अपने साथ लेकर पहुंचे और उनकी समस्या को एकांत में सुना। तब कहीं जाकर हिंदू जागरण मंच की नाराजगी दूर हुई। उनका ज्ञापन लिया और कार्रवाई का आश्वासन दिया।

