महाराज बाड़ा स्थित पोस्ट ऑफिस की छत गिरी, मलबे में दबा मजदूर घायल, स्मार्टसिटी करा रही थी रिनोवेशन

ग्वालियर. महाराज बाड़ा स्थित पोस्ट ऑफिस की छत गिर गयी। छत गिरने से मजदूर घायल हो गया। घायल मजदूर का जयारोग्य चिकित्सालय उपचार चल रहा है। घटना शनिवार की सुबह 8 बजे की है। काम करने के दौरान शनिवार की सुबह छत नीचे आ गिरी जिससे वहां काम कर रहा मुकेश नाम का श्रमिक घायल हो गया है। मुकेश को उपचार के लिये हजार बिस्तर अस्पताल ले जाया गया है। पोस्ट ऑफिस में रखी मशीनरी को भी नुकसान पहुंचा है।

आपको बता दें स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत महाराज बाड़ा पोस्ट ऑफिस का रिनोवेषन काम किया जा रहा है। जबकि छत का काम करने के लिये अलग से 1.25 करोड़ रूपये का टेण्डर हुआ है। पोस्ट ऑफिस की छत काफी पुरानी और हैरिटेज बिल्डिंग की श्रेणी में आता है। छत में जो लकड़ी लगी थी वह पूरी तरह गल चुकी है। उसी गली लकड़ी पर पूरी छत टिकी हुई थी। आशंका थी कि कभी भी यहां कुछ भी हो सकता है। ऐसे में यहां रिनोवेशन काम स्मार्टसिटी ने शुरू किया है। शनिवार की सुबह 8 बजे जब बाड़ा पोस्ट ऑफिस में काम के लिये मजदूर मुकेश पहुंचा तो भी अचानक जिस लकड़ी पर छत टिकी थी। वह टूट गयी और पूरी छत नीचे आ गयी। मलबे में दबकर मजदूर घायल हो गया है। घटना की खबर मिलते ही नगर निगम के फायर ब्रिगेड के दमकल दस्ते का अमला घटनास्थल पर पहुंचा और हालात को संभाला । घायल श्रमिक को तत्काल लेकर अस्पताल पहुंचे।
खाली नहीं कर रहे पोस्ट ऑफिस
मामले में स्मार्ट सिटी के अफसरों का कहना है कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत पूरे पोस्ट ऑफिस की रिनोवेशन किया जा रहा है। पोस्ट ऑफिस के अधिकारियों से जगह खाली करने को पहले ही कहा गया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। कभी एक कमरा खाली कर दिया तो कभी दूसरा कमरा खाली कर दिया। पूरा पोस्ट ऑफिस अभी तक खाली नहीं किया गया है। जबकि स्मार्ट सिटी के अधिकारी तमाम बार कह चुके हैं कि इसे खाली कर दिया।

