बूंदी में नदी में गिरी बस से 24 की मौत, मृतकों के परिजनों को 2 लाख मुआवजे की घोषणा
बूंदी. राजस्थान के बूंदी जिले में पापड़ी गांव के पास बुधवार सुबह बारातियों से भरी बस नदी में गिर गई। हादसे में 24 लोगों की मौत हुई है और 5 घायलों को कोटा रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार बारात कोटा से सवाईमाधोपुर जा रही थी। कुल 30 लोग सवार थे। प्रशासन ने मृतक संख्या की पुष्टि नहीं की है। मरने वालों में 10 पुरूष, 11 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल है।
2 लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की
हादसे के बाद राज्य सरकार ने दुर्घटना में मरने वालों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की गई है। बारातियों से भरी यह बस कोटा से सवाई माधोपुर जा रही थी तभी रास्ते में एक पुल से गुजरते हुए असंतुलित होकर नदी में जा गिरी। हादसा राजस्थान के बूंदी में स्थित कोटा लालसोत मेगा हाईवे पर स्थित लाखेरी में हुआ है। तेज रफ्तार बस अचानक असंतुलीत होकर नदी में जा गिरी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य में तेजी लाते हुए शवों को बस से निकालने का काम शुरू किया। हादसे की सूचना मिलते ही भारी भीड़ घटनास्थल पर पहुंच गई। नदी में पानी होने की वजह से राहत और बचाव कार्य में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हादसे के बाद मुख्यमंत्री अशोक गेहलोत ने ट्वीट कर इस पर दुख जताते हुए घायलों को जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की।

