बीटिंग द रिट्रीट समारोह 29 जनवरी को राज्यपाल के मुख्य आतिथ्य में होगा आयोजन
भोपाल, – मध्यप्रदेश में गणतंत्र दिवस समारोह का समापन 29 जनवरी को “बीटिंग द रिट्रीट’’ समारोह के साथ होगा। समारोह का आयोजन राज्यपाल मंगूभाई पटेल के मुख्य आतिथ्य में सायंकाल 4:30 बजे जहांगीराबाद स्थित लाल परेड मैदान में होगा।
बुधवार को पुलिस महानिरीक्षक इरशाद वली के सायंकाल “बीटिंग द रिट्रीट” कार्यक्रम की फायनल रिहर्सल की गई। मुख्य अतिथि की भूमिका सातवीं बटालियन के प्रधान आरक्षक श्री राजमणि सिंह बघेल ने निभाई। इस अवसर पर उप पुलिस महानिरीक्षक मध्य क्षेत्र एसएएफ ओमप्रकाश त्रिपाठी, सेनानी 7वीं वाहिनी हितेश चौधरी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
ब्रास बैण्ड द्वारा क्लासिकल धुनों के साथ ही नई एवं पुरानी हिन्दी फिल्मों के गानों की संगीतमय प्रस्तुति दी जाएगी। पुलिस बैण्ड एवं आर्मी बैंड द्वारा मार्चपास्ट करते हुए बैण्डवार व सामूहिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। बैण्ड प्रदर्शन उपरांत गार्ड द्वारा ध्वजअवरोहण की कार्यवाही उपरांत पिस्टल/एलएमजी फायर, रंगीन लाईटिंग, आतिशबाजी आकर्षण का केन्द्र होगी।
उल्लेखनीय है कि बीटिंग रिट्रीट” एक प्राचीन सैन्य परंपरा है यह उन दिनों से प्रचलन में है जब युद्ध में सैनिक सूर्यास्त के समय या उसके तुरंत बाद युद्ध करना बंद कर देते थे। जैसे ही बिगुलों से “रिट्रीट” की आवाज दी जाती थी लड़ रहे सैनिक अपने हथियार बंद कर युद्ध के मैदान से हट जाते थे, इसलिये रंग, मानक आवरण और झंडे “रिट्रीट” पर उतारे जाते हैं। समारोह में मार्शल संगीत का मिश्रण और एक बैंड कार्यक्रम शामिल है, जिसके बाद रिट्रीट की ध्वनि सुनाई देती है।

