नक्सलियों को नेस्तनाबूद करने वाले जवानों की वीरता का सम्मान करने आया हूँ: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने 55 जवानों को दी क्रम से पूर्व पदोन्नति
भोपाल, मुख्यमंत्री ने कहा है कि हाक फोर्स एवं पुलिस के जवानों ने कठिन एवं विपरीत परिस्थियों में नक्सलियों को नस्तनाबूद कर उनके नेटवर्क को समाप्त कर दिया है। वर्ष 2022 में 1 करोड़ 18 लाख रुपये के 6 ईनामी नक्सलियों को मार गिराने में हमारे जवानों को सफलता मिली है। ऐसे वीर जवानों की वीरता का सम्मान करने आज मैं बालाघाट आया हूँ। अपने वीर जवानों के सम्मान के लिए मैं अपनी सारी व्यस्तताएँ कुर्बान कर दूँगा, लेकिन जवानों के सम्मान में कोई कमी नहीं आने दूँगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि वीरता का सम्मान नहीं किया जायेगा तो वह बांझ हो जायेगी। राज्य सरकार नक्सल उन्मूलन में जान की बाजी लगाने वाले हमारे जांबाज वीर जवानों को क्रम से पूर्व (आऊट आफ टर्न) प्रमोशन देकर उनका सम्मान कर रही है और उन्हें सेल्यूट कर रही है। हम पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों के जज्बे को सलाम करते है। मुख्यमंत्री ने आज पुलिस लाईन बालाघाट में 55 जवानों को आऊट आफ टर्न प्रमोशन देकर सम्मानित किया।
पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने बताया कि 30 नवंबर 2022 को बालाघाट जिले के गढ़ी थाना क्षेत्र में नक्सलियों से हुई मुठभेड़ में हाक फोर्स के जवानों ने 2 ईनामी नक्सलियों को मार गिराया था। इसी प्रकार 18 दिसंबर 2022 को पाथरी चौकी के अंतर्गत हर्राटोला के जंगल में हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बल के जवानों ने 1 ईनामी को मार गिराया था। इन दोनों मुठभेड़ में शामिल सभी 55 जवानों को आऊट आफ टर्न प्रमोशन दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री द्वारा 30 नवंबर 2022 को गढ़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत जामसहेरा वन चौकी में पुलिस नक्सल मुठभेड़ में 49 लाख रुपये के ईनामी 02 दुर्दान्त नक्सलियों को मार गिराने वाले बल में शामिल सहायक उप निरीक्षक श्री महेन्द्र सिंह गौर एवं श्री मंगरू उईके को उप निरीक्षक के पद पर, प्रधान आरक्षक सर्वश्री अतुल कुमार शुक्ला, मनोज कापसे, लोकेन्द्र सिंह जादौन, अनूप सिंह भदौरिया, रामसुरेश कोल, अनूप सिंह धुर्वे, अरूण मिश्रा, रामलखन प्रजापति एवं दिलीप उईके को सहायक उप निरीक्षक के पद पर तथा आरक्षक सर्वश्री शिवकुमार परते, दुर्गेश यादव, चंदन कुमार, अजीज अली, अनूप सिंह, रविन्द्र कुमार, अखिलेख चौधरी, दिलीप सिंह कनेश, विनोद बेलवंशी, ब्रजमोहन गुर्जर, तिरनसिंह नवरेती, मुनेन्द्र सिंह भदौरिया, चैनसिंह वरकड़े, रोशन परते, अभिषेक राजौरिया एवं चंद्रेश जादौन को प्रधान आरक्षक के पद पर पदोन्नति प्रदान की गई है।
इसी प्रकार 18 दिसंबर 2022 को मलाजखंड थाना क्षेत्र अंतर्गत हर्राटोला जंगल में हुई मुठभेड़ में 14 लाख रुपये के ईनामी 01 नक्सली को मार गिराने वाले बल में शामिल उप निरीक्षक श्री आशीष शर्मा और श्री विनय गोस्वामी को निरीक्षक के पद पर, सहायक उप निरीक्षक श्री मोहनलाल मरावी को उप निरीक्षक के पद पर, प्रधान आरक्षक सर्वश्री हनुमंत टेकाम, बुद्धमान धुर्वे, गोविंद सिंह, सुमेरी मरावी, काशीराम उईके और राजेश धुर्वे को सहायक उप निरीक्षक के पद पर, आरक्षक सर्वश्री सूरत सिंह उर्वेती, चंदन टेंभरे, श्रेयस कुमार उईके, लक्ष्मीचंद कड़पेती, भूपेन्द्र परते, अमरसिंह हरपाल, विजय उईके, राजेश पट्टा, उमेश पटेल, संदीप इड़पाचे, ब्रिजेश चिचाम, विमलेश कुमार दुबे, परमेश इड़पाचे, गोविंद सल्लाम, शिवराज परते, मिथलेश मरावी, अनवर अंसारी एवं नरेन्द्र धुर्वे को प्रधान आरक्षक के पद पर तथा आरक्षक चालक श्री योगेश आर्मो को प्रधान आरक्षक चालक के पद पर पदोन्नति दी गई है।
अध्यक्ष म.प्र. पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग एवं विधायक गौरीशंकर बिसेन, अध्यक्ष म.प्र. खनिज विकास निगम प्रदीप जायसवाल सहित अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गुप्तवार्ता आदर्श कटियार, बालाघाट जोन के पुलिस महानिरीक्षक संजय कुमार, उप महानरीक्षक अनुराग शर्मा, कलेक्टर गिरीश कुमार मिश्रा एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में आऊट आफ टर्न प्रमोशन पाने वाले जवानों को मुख्यमंत्री एवं अतिथियों ने बैच लगा कर सम्मानित किया और जवानों के परिजन से मुलाकात कर उनके बच्चों की पढ़ाई आदि विषयों पर चर्चा की।

