दिल्ली के जहांगीरपुरी में निकाली शोभायात्रा पर उपद्रवियों ने किया पथराव, 6 पुलिसकर्मी घायल, अमित शाह ने पुलिस आयुक्त से की चर्चा

नई दिल्ली. दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में हनुमान जी के जन्मोत्सव पर निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान हुए उपद्रव को लेकर गृहमंत्री अमित शाह ने पुलिस आयुक्त से बात की हे। गृहमंत्री ने पुलिस आयुक्त से बात कर कानून-व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश दिये हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी शांति बनाये रखने की अपील की है।
इसके साथ ही तलवार और गोलियां भी चली हैं। हमले के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस के मुताबिक, जहांगीरपुरी में तनाव है, लेकिन हालात पर काबू पा लिया गया है। वहां RAF की दो कंपनियां तैनात कर दी गई हैं। इसके अलावा संवेदनशील इलाकों में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। पूरी दिल्ली हाई अलर्ट पर है। ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है।
क्या है पूरा मामला
ज्हांगीरपुरी के कुशल सिनेमा के पास शाम लगभग 5.30 बजे शोभायात्रा पर अचानक पथराव किया गया। इसके बाद दो गुटों में झड़पें भी हुई। कई गाडि़यों में तोड़फोड की गयी और कुछ वाहनों में आग लगा दी गयी है। पथराव रोकने पहुंचे कई पुलिसकर्मी भी इसकी चपेट में आ गये। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक 6 पुलिसकर्मी और नागरिक जख्मी हुए है। इनमें एक एसआई भी शामिल है। घटना के बाद कई थानों से एडिशनल पुलिस बल बुलाई गयी है। रैपिड एक्शन फोर्स ने इलाके में माच्र किया है। दिल्ली पुलिस के पीआरओ अन्येश राव ने बताया है कि यह एक पारंपरिक शोभायात्रा थी जो हर वर्ष निकलती है। यात्रा के साथ चल रहे पुलिस कर्मियों ने स्थिति को संभाला है। पथराव के चलते कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
दोषियों पर सख्त कार्यवाही होगी-पुलिस आयुक्त
दिल्ली पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने बताया है कि स्थिति अब नियंत्रण में है। जहां घटना हुई है वहां हमने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है और इसके साथ ही पूरी दिल्ली के संवेदनशील इलाकों में विशेष तैनाती की गयी है। 2 पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए है। हम दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करेंगे।

