डीजे पर हंगामा कर रहे लोगों को पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, 4 पुलिस के जवानों पर एफआईआर
ग्वालियर. डबरा के नजदीक भितरवार के वार्ड नम्बर 3 जाटव मोहल्ला में रहने वाली बैजंतीबाई जाटव ने बताया है कि शुक्रवार को उनके एक रिश्तेदार वंश जाटव का जन्मदिन था। मोहल्ले में डीजे लगवाया गया था। रात का लगभग 10 बजे जब डीजे पर डांस, मस्ती चल रही थी। तभी पुलिस के वाहन क्रमांक एमपी03-ंए-2412 में सवार होकर पुलिसकर्मी एक आरक्षक भदौरिया, अजय यादव, रामदेव शर्मा, कुलदीप गुंर्जर व एक अन्य जिसे पहचान नहीं पाये थे। यह सभी न तो ड्यूटी पर थे न ही पुलिस वर्दी में थे। इन्होंने आते ही डीजे पर डांस कर रहे लोगों से मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं कहने लगे कि जय भीम के गाने क्यों बजा रहे हो। इसके बाद डीजे के दौरान डांस करते जो मिला पुलिस ने उसे मारपीट की और महिलाओं और लड़कियों तक को नहीं छोड़ा। हमले में बैजंती बाई के अलावा वर्षा, बलराम जाटव, चेतराम, धर्मेन्द्र, जसवंत, बृजेश और लक्ष्मी को चोट लगी है।
हंगामे के बाद पुलिस जवानों पर हुई एफआईआर
रात को मारपीट के बाद जब लोग शिकायत करने के लिये भितरवार थाने पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें भगा दिया और इसके बाद दोपहर में भीम आर्मी के लोगों के साथ पीडि़त परिवार और मोहल्ले के लोगों ने भितरवार थाने के सामने डबरा-ग्वालियर रोड़ पर चक्काजाम कर दिया। लगभग 1 घंटे तक हंगामा चलता रहा। जब हंगामा बढ़ा तो पुलिस अधिकारियों ने तत्काल 1 पुलिस जवानों पर एफआईआर दर्ज कर ली गयी है।
लोगों का कहना है
पुलिस वाले आए और डीजे पर डांस कर रहे लोगों को पीटना शुरू कर दिया। हमने बचाने का प्रयास किया तो मुझे भी मारा। मेरा सिर दीवार में दे मारा, जिससे घायल हो गई हूं।
बैजनती बाई, घायल
पुलिस वाले अच्छे से भी समझा सकते थे, लेकिन उन्होंने आते ही डीजे पर तोड़फोड़ मचा दी। विरोध करने पर पीटा।
वर्षा जाटव, घायल
पुलिस का कहना
इस मामले में भितरवार थाना TI राजकुमारी परमार का कहना है कि रात को डीजे बंद कराने के दौरान विवाद हुआ था। दूसरे पक्ष ने मारपीट का आरोप लगाया है। चार पुलिस जवानों पर मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

