जुमे की नमाज घरों में हुई, कल हनुमान जयंती पर मंदिर भी नहीं खुलेंगे
खरगोन. दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई है। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक भी छूट दी गई थी। यह छूट महिला-पुरूष दोनों के लिए रही। लोग सब्जी, फल, दूध, किराना, मेडिकल, इलेक्ट्रिक रिपेयरिंग, मिठाई और नमकीन शॉप्स खोल सकेंगे। लोगों को गाड़ी ले जाने की परमिशन अभी भी नहीं दी गई है। दुकानों को छोड़कर दूसरे स्थानों पर 5 या इससे ज्यादा लोग जमा नहीं हो सकेंगे। धार्मिक स्थल नहीं खुलेंगे। आज जुमे की नमाज घरों में पढ़ी गई। गुड फ्राइडे पर चर्चा भी बंद है। कल हनुमान जयंती पर मंदिर भी बंद रहेंगे।
रात में पथराव की सूचना अफवाह
खरगोन में रात में आनंद नगर में पथराव की सूचना को एसपी ने अफवाह बताया। कमांडेंट 24वीं बटालियन अंकित जायसवाल ने बताया कि पथराव की सूचना मिली थी। मौके पर पुलिस बल लेकर पहुंचे थे लेकिन मामला अफवाह का निकला। आगजनी और पथराव के मामले में अब तक 148 को गिरफ्तार किया गया है।

