जिला चिकित्सालय मुरार में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया ऑक्सीजन प्लांट, 20 बिस्तरीय आईसीयू का लोकार्पण और सीटी स्कैन मशीन का भूमिपूजन
ग्वालियर. केन्द्रीय नागरिक उड्डयनमंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जिला चिकित्सालय मुरार में किया ऑक्सीजन प्लांट व 20 बिस्तरीय आईसीयू ( गहन चिकित्सा इकाई) का लोकार्पण एवं सीटी स्कैन मशीन की स्थापना के लिए भूमिपूजन। सांसद विवेक शेजवलकर ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता ।
कार्यक्रम में प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ प्रभूराम चौधरीए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर व उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री; स्वतंत्र प्रभारद्ध तथा विधायक सतीश सिकरवार बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद थे।
अत्याधुनिक आईसीयू के बनने से जिला चिकित्सालय मुरार में गंभीर मरीजों के बेहतर इलाज के लिए नया आयाम जुड़ा है। यहाँ पर गहन चिकित्सा इकाई शुरू होने से ग्वालियर. चंबल क्षेत्र के सबसे बड़े अस्पताल जेएएच से भी मरीजों का दबाव कम होगा। गहन चिकित्सा इकाई वार्ड में गंभीर मरीजों के इलाज के लिए 20 पलंग का इंतजाम किया गया है।
ऑक्सीजनप्लांट की स्थापना से जिला चिकित्सालय में अब ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं रहेगी और निर्वाध रूप से जरूरतमंद मरीजों को ऑक्सीजन की आपूर्ति हो सकेगी। प्लांट से प्रति मिनिट 200 लिटर अर्थात हर घण्टे 12 हज़ार लिटर ऑक्सीजन का उत्पादन होगा। इसी तरह जिला चिकित्सालय में स्थापित होने जा रही आधुनिक सीटी स्कैन मशीन से खास तौर पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ा फायदा होगा। यहाँ पर सीटी स्कैन शुरू होने पर मरीजों को जाँच के लिए जेएएच या प्रायवेट सेंटर पर जाने की जरूरत नहीं रहेगी।

