जल गंगा संवर्धन अभियान को गति देने प्रभारी मंत्री वैशली नदी पर पहुँचे
द स्तर पर हुए वृक्षारोपण की सराहना की
ग्वालियर – जल गंगा संवर्धन अभियान को गति देने के उद्देश्य से जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शुक्रवार को मुरार वैशली नदी पर चल रहे जलसंरक्षण एवं वृक्षारोपण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने शहर के पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए मुरार नदी पर सेवाभावी नागरिकों द्वारा वृहद स्तर पर किए गए वृक्षारोपण की सराहना की। उन्होंने इस कार्य को सभी के लिए अनुकरणीय बताया। साथ ही यहाँ पर पेड़ लगाने वाले सभी सेवाभावी नागरिकों को बधाई दी।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि रमौआ डेम से लेकर जड़ेरूआ डेम तक बहने वाली 12.5 कि.मी. लम्बी वैशली नदी ग्वालियर की लाईफलाईन है । इस नदी के बहाव क्षेत्र के अवरोधों से नदी को अतिक्रमण मुक्त कराकर सुन्दर और स्वच्छ बनाया जाना सरकार एवं समाज दोनों की सामूहिक जिम्मेदारी है । उन्होंने कहा कि मुरार नदी के जीर्णोद्धार कार्यों के अवलोकल के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी आमंत्रित किया जाएगा।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, क्षेत्र के पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल तथा विनोद शर्मा, सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

