जम्मू-कश्मीर में 1 घंटे में तीन आतंकी हमले
जम्मू कश्मीर. जम्मू कश्मीर में आतंकी गतिविधियों में तेजी देखी जा रही है, पिछले 1 घंटे में तीन आतंकी हमले हो चुके है। ताजा हमले में बांदीपुरा जिले के शाहगुंड हाजिन में एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस शख्स की पहचान मोहम्मद शफी लोन के रूप में हुई है।
पहला हमला कश्मीर के जाने-माने फार्मेसी कारोबारी पर हुआ इसके बाद श्रीनगर के मदीन साहिब में एक स्ट्रीट हॉकर पर आतंकियों ने गोलियां बरसा दी। आईजीपी कश्मीर विजय कुमार ने बताया कि श्रीनगर शहर के बाहरी इलाके हवल में मदीन साहिब के पास आतंकवादियों ने स्ट्रीट हॉकर की गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर संबंधित इलाकों की घेराबंदी कर दी है और आतंकियों की तलाश की जा रही है। उधर, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि आतंकी अपने नापाक मंसूबों में कभी कामयाब नहीं होंगे। उन्होंने बांदीपुरा और श्रीनगर में आम नागरिकों की हत्या पर गहरा दुख जताया है और इसकी कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि इस जघन्य हत्याओं के लिए जो लोग भी जिम्मेदार है, उनके खिलाफ न्यायोचित कार्रवाई की जाएगी।
पहली घटना में संदिग्ध आतंकवादियों ने श्रीनगर के इकबाल पार्क क्षेत्र में प्रसिद्ध फार्मेसी के मालिक माखनलाल बिंदरू की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने माखनलाल बिंदरू को उस समय नजदीक से गोली मार दी, जब वह अपनी फार्मेसी में थे। बिंदरू को फौरन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कश्मीरी पंडित समुदाय से बिंदरू उन कुछ लोगों में शामिल थे जिन्होंने 1990 के दशक में जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद शुरू होने के बाद भी पलायन नहीं किया। वह अपनी पत्नी के साथ यहीं रहे और लगातार अपनी फार्मेसी को चलाते रहे।

