ग्वालियर शहर कचराघर बना, काम पर नहीं लौटे सफाई कर्मचारी, एस्मा के तहत होगी कार्रवाई
ग्वालियर. प्रशासन के अल्टीमेंटम के बाद भी एक सप्ताह से इको ग्रीन कंपनी के कर्मचारी काम पर नहीं लौटे है जिसकी वजह से शहर में कूडे का ढेर लग गया है। कर्मचारियों के काम पर नहीं लौटने से पूरे शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है इसलिए नगर निगम अब कर्मचारियों के खिलाफ एस्मा लगाने की तैयारी कर रहा है।
क्या है पूरा मामला
ईको ग्रीन क मदर कंपनी चीन की हैंग झोउ जिंगजियांग एनवायरमेंट होल्डिंग कंपनी है। चीनी कंपनी ने ईको ग्रीन को भारतीय कर्मचारियों को सैलरी देने से मना कर दिया है जिसकी वजह से कंपनी के कर्मचारी हड़ताल पर है और वे काम पर नहीं आ रहे है। इससे शहर के अधिकांश इलाकों में न तो झाडू लगी न ही कचरा उठाया और समेटा गया जिससे जगह-जगह गंदगी के ढेर लग गए है।
क्या है एस्मा ?
एस्मा एक कानून है, संकट की घड़ी में कर्मचारियों की हड़ताल को रोकने के लिए यह एक्ट लगाया जाता है। इस एक्ट को लागू करने से पहले कर्मचारियों को सूचित भी किया जाता है जबकि एक्ट लागू होने के बाद भी अगर कर्मचारी काम पर नहीं लौटते है तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाती है। यह कानून अधिकतम 6 माह के लिए लगाया जा सकता है लेकिन यदि केंद्र सरकार मानती है कि इसे और बढ़ाने की जरूरत है तो वही इसे कितने भी लम्बे समय के लिए बढ़ा सकती है।

