ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन से उतरी लड़की की मालगाड़ी की चपेट में आने से हुई माैत
ग्वालियर. रेलवे स्टेशन पर आज जब छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस रूकी तो उसके एक कोच से रोती हुई लड़की उतरी। कोई कुछ समझता इससे पहले ही युवती रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई। लोगों को लगा कि शायद वह पटरी पार करके जा रही है लेकिन तभी लड़की मालगाड़ी की चपेट में आ गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी के जवान मौके पर पहुंच गए और शव को प्लेटफॉर्म पर लाकर रखा गया। मृतिक की जेब की तलाशी ली लेकिन कोई पहचान संबंधित दस्तावेज नहीं मिला है। पुलिस मृतिका की शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है।
मंगलवार को रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर दो पर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस आकर रूकी तो यात्रियों के उतरने व कोच में चढ़ने का सिलसिला शुरू हो गया। इसी बीच एक लड़की भी कोच से बाहर निकली लेकिन उसकी आंखे आसुओं से भीगी हुई थीं। लड़की काफी रो रही थी इसलिए अधिकांश लोगों का उसकी तरफ ध्यान भी गया। हालांकि कुछ देर प्लेटफार्म पर गुजारने के बाद वह लड़की प्लेटफार्म नंबर एक की तरफ जाने वाले ट्रैक की तरफ बढ़ गई। ट्रैक पर मालगाड़ी आ रही थी जिसकी चपेट में आने से लड़की की तत्काल माैत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी के जवान भी घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद लोगों से जब पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि लड़की चपेट में नहीं आई बल्कि उसने ट्रेन के सामने छलांग लगाई है। युवती जींस का पेंट और टाप पहने हुई थी। महिला पुलिस ने लड़की के कपड़ों की तलाशी ली लेकिन पहचान संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला है। पुलिस अब स्टेशन पर लगे सीसीटीवी की फुटेज निकाल रही है जिससे स्पष्ट पता चल सके कि लड़की ट्रेन की चपेट में आई थी या फिर उसने आत्महत्या की है। जीआरपी ने प्राथमिक पड़ताल के बाद शव को पीएम के लिए पहुंचा दिया है।

