ग्वालियर में CBIने MES के इंजीनियर को रिश्वत लेते पकड़ा, रात 12 बजे तक पूछताछ की
ग्वालियर. मुरार सेना छावनी स्थित एमईएस में पदस्थ इंजीनियर को सीबीआई ने 50 हजार रुपए की रिश्वत के साथ रंगे हाथ पकड़ा। इंजीनियर झांसी की किसी कंस्ट्रक्शन कंपनी से काम के बदले 50 हजार रुपए मांग रहा था। कंस्ट्रक्शन कंपनी की शिकायत सीबीआई को की थी जिसके बाद बुधवार शाम को सीबीआई के अफसरों ने इंजीनियर को एमईएस के ऑफिस में घेराबंदी कर पकड़ा है। अब इंजीनियर के खातों की जांच की जा रही है। सीबीआई ने ऑफिस से प्रोजेक्ट की फाइल भी जब्त की है। वहां से अन्य दस्तावेज भी जब्त किए है।
सेना की मुरार छावनी स्थित MES (मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस) में पदस्थ दुर्ग अभियंता डीपी चतुर्वेदी को बुधवार शाम को CBI ने 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। सेना में कंस्ट्रक्शन का काम झांसी की मेसर्स श्रीजी इंटरप्राइजेज लिमिटेड कंपनी को मिला था। जिसके पैमेंट की फाइल जीई डीपी चतुर्वेदी के पास थी। कुछ 74 लाख रुपए के भुगतान के लिए वह फाइल आगे बढ़ाने के लिए 50 हजार रुपए मांग रहा था। मेसर्स श्रीजी इंटरप्राइजेज के अफसरों ने मामले की शिकायत CBI में की। जिसके बाद इंजीनियर की घेराबंदी की गई। बुधवार शाम को कंपनी के अफसरों ने इंजीनियर को रुपए दिए जो उसने अपनी कार में रख लिए। इसी समय CBI के अफसर वहां पहुंच गए और इंजीनियर को रंगे हाथ पकड़ लिया। रात 12 बजे तक उससे पूछताछ जारी थी। यहां से CBI ने काफी दस्तावेज भी जब्त किए हैं। सेना का मामला होने के चलते पुलिस या CBI के अफसर कुछ भी नहीं कह रहे हैं न एमईएस तक किसी को जाने की इजाजत दी ग ई है।

