ग्वालियर में 11 लोगों के परिवार ने इच्छा मृत्यु की इजाजत मांगी, हम मरना चाहते हैं
ग्वालियर. पुश्तैनी जमीन को दंबगों ने हड़प लिया तो दुखी किसान परिवार ने मौत मांगी है। 11 लोगों ने शनिवार को एसपी दफ्तर पहुंचकर कहा उन्हें इच्छा मृत्यु दिलवाओ। सरकारी अमला उनकी मदद नहीं कर सकता तो कम से कम मौत तो दिलवा सकता है।
क्या है पूरा मामला
बिरावली गांव का रहने वाला साबिर खां शनिवार को परिवार के 11 सदस्यों के साथ, शनिवार को पहले कलेक्टर फिर एसपी के दफ्तर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों से कहा भूमाफियाओं पर सरकार शिकंजा कस रही है। उसके साथ इंसाफ क्यों नहीं हो रहा। उसकी पुश्तैनी जमीन को संजय अग्रवाल उर्फ बब्लू ने हड़प लिया है। बब्लू दाल बाजार में दलाली का काम करता है। उसके साथ विजय काकवानी भी शामिल है। साबिर ने बताया गांव में उसकी पुश्तैनी जमीन है। पिता जमील खां के निधन के बाद परिवार के 15 लोगों के नाम जमीन हुई है लेकिन उस पर बब्लू ने कब्जा जमा लिया है। बब्लू और उसके साथी इस जमीन पर कालोनी बनाना चाहते हैं। इसलिए उन्हें खेती नहीं करने दे रहे है। भू माफियाओं पर सरकारी कार्रवाई कर रही है। इस उम्मीद में उसने भी अपनी परेशानी प्रशासन को बताई थी। कई बार शिकायत की। लेकिन कार्रवाई नहंी हुई। इससे वह परेशान है। उसके परिवार के जीवन यापन का सिर्फ यही जमीन सहारा है। इसे भी हडप लिया तो परिवार कहां जाएगा। साबिर का आरोप है उसकी जमीन दबाने वालों की प्रशासन से सांठगांठ है। उसी बूते पर उसके साथ फरेब हुआ है। इसी लिए प्रशासन उसकी फरियाद नहीं सुन रहा है।

