ग्वालियर में 11 दिन बाद फिर 2 कोरोना पॉजिटिव
ग्वालियर. 11 दिन बाद फिर कोरोना के दो नए संक्रमित मिले है, एक 18 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा है जो दो दिन पहले ग्वालियर से भोपाल अपने कॉलेज के लिए निकली थी उसके पॉजिटिव आते ही भोपाल में उसे प्रशासन ने निगरानी में ले लिया है। दूसरा पॉजिटिव केस दुबई से लौटा 29 वर्षीय युवक है जो 22 दिसंबर को लौटकर आया था, उसने एक निजी लैब में टेस्ट कराया था जिसमें वह पॉजिटिव पाया गया है। दोनों ने वैक्सीन के दोनों डोज लगवाए हुए है। एक दिन पहले ही एक्टिव कोविड केस जीरो हुए थे लेकिन अगले ही दिन फिर दो केस के बाद एक्टिव केस दो हो गए है।
जांच पॉजिटिव आने पर प्रशासन ने निगरानी में लिया
शब्द प्रताप आश्रम में रहने वाली 18 वर्षीय युवती इंजीनियरिंग की छात्रा है। वह भोपाल के कॉलेज में पढ़ती है। काफी दिन बाद वह अपने कॉलेज को जॉइन करने के लिए रविवार को शहर से निकली थी। जाने से पहले उसने जांच कराई थी। सोमवार को छात्रा भोपाल पहुंच गई, लेकिन कॉलेज में रिपोर्ट दिखाने के बाद ही प्रवेश मिलना था। इसी बीच उसकी जांच पॉजिटिव आने पर भोपाल प्रशासन ने उसे निगरानी में ले लिया है। छात्रा ने भोपाल प्रशासन को बताया है कि उसने वैक्सीन के दोनों डोज लिए हैं।
29 वर्षीय युवक दुबई की एक कंपनी में कर्मचारी
कोरोना का दूसरा पॉजिटिव शहर की एक निजी लैब की रिपोर्ट में आया है। डबरा निवासी 29 वर्षीय युवक दुबई की एक कंपनी में कर्मचारी है। युवक 22 दिसंबर को दुबई से लौटा था। उसने प्राइवेट लैब में अपनी जांच कराई थी, जिसमें उसे कोरोना होने की पुष्टि हुई। वह भी वैक्सीन लगवा चुका है। इसके बाद फिर एक्टिव केस की संख्या 2 हो गई है।

