ग्वालियर में सौरभ शर्मा पर झूठे एफिडेविट को लेकर होगी FIR
भोपाल. आटीओ के पूर्व कॉन्स्टेबल सौरभ शर्मा से लोकायुक्त, प्रवर्तन निदेशालय और आयकर विभाग पूछताछ कर रहे है। अब उसकी नई दिक्कत ग्वालियर से शुरू होने वाली है। दरअसल सौरभ ने परिवहन विभाग में अनुकंपा नियुक्ति लेते समय शपथपत्र में बडे भाई की सरकारी नौकरी की बात छिपाई थी। इस झूठ को लेकर अब परिवहन विभाग शिकायत करने की तैयारी में है। इसके लिए मुख्याय से हरी झंडी भी मिल गई, जल्द पुलिस को सौरभ और उसकी मां उमा शर्मा के खिलाफ शिकायत भेजी जा सकती है। सौरभ की नियुक्ति को लेकर आरटीआई एक्टिविस्ट संकेत साहू पहले ही लोकायुक्त में शिकायत कर चुके है।
सरकारी नौकरी की जानकारी छिपाकर झूठा शपथ पत्र पेश किया
परिवहन विभाग के सूत्राें के मुताबिक, भोपाल से इजाजत मिल गई है कि ग्वालियर में संबंधित थाने में शिकायत कर कार्रवाई की जाए। इससे पहले आरटीआई एक्टिविस्ट संकेत साहू ने दावा किया था कि साल 2015 में सौरभ शर्मा के पिता राकेश कुमार शर्मा के आकस्मिक निधन के बाद उनकी मां उमा शर्मा ने बड़े बेटे सचिन शर्मा की सरकारी नौकरी की जानकारी छिपाकर झूठा शपथ पत्र पेश किया था।
इसके आधार पर सौरभ को 2017 में परिवहन विभाग में तृतीय श्रेणी पद पर नियुक्ति मिली थी जबकि उसका बड़ा भाई सचिन पहले से ही छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी कर रहा था। साहू ने सौरभ की नियुक्ति को पूरी तरह गैर-कानूनी बताते हुए विस्तृत जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी।

