ग्वालियर में बहन के जेवर पॉलिश कराने आई डेंटिस्ट के पर्स से 4 लाख के जेवर चोरी
ग्वालियर. छोटी बहन के जेवर ठीक कराने आई महिला डॉक्टर के पर्स से दो संदेही महिला चोर 4 लाख रुपए जेवर पार कर ले गईं। घटना कोतवाली स्थित टोपी बाजार की है। घटना का पता चलते ही डॉक्टर थाने पहुंची और शिकायत की। पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है साथ ही CCTV फुटेज में दिख रहीं संदेही महिलाओं की तलाश की जा रही है। गांधी नगर निवासी नेहा पत्नी सौरभ दुबे डेंटिस्ट हैं। उनका अर्यांत क्लीनिक के नाम से हॉस्पिटल है। नेहा की छोटी बहन पूनम शर्मा उनके पास आई थी। डॉक्टर की बहन को कुछ गहने ठीक कराने थे और पॉलिश करानी थी। इस पर नेहा, पूनम को लेकर टोपी बाजार स्थित सराफा कारोबारी की शॉप पर पहुंची और मंगलसूत्र ठीक करवाने लगी।
वह मंगलसूत्र ठीक करा रही थी कि इसी बीच पास बैठीं दो महिलाओं ने उनके पर्स में रखा सोने के जेवर का पर्स चोरी कर लिया। इसका पता जब चला जब मंगलसूत्र ठीक कराकर उसे रखने के लिए छोटा पर्स निकाला तो वह गायब था। पर्स में दो सोने के कंगन, मंगलसूत्र, पेण्डल, तीन अंगूठी, सोने की चूड़ी और कान के तीन जोड़ी टॉप्स रखे हुए थे, जो उनकी बहन के थे। चोरी का पता चलते ही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।

