ग्वालियर में गत्ता फैक्ट्री में शार्ट सर्किट से लगी भीषण आग
ग्वालियर. बड़ा गांव खुरेरी इलाके में मंगलवार दोपहर में एक गत्ता फैक्ट्री में आग लग गई। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट को बताया जा रहा है। आग लगने की सूचना मिलने पर फायरब्रिगेड के तीन वाहन मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इस आगजनी में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
घटनाक्रम के मुताबिक बड़ागांव खुरैरी में गत्ता फैक्ट्री में मंगलवार दोपहर में अचानक आग लग गई। बताया जाता है कि फैक्ट्री में उस समय काम चल रहा था और शार्ट सर्किट हो गया। शार्ट सर्किट से चिंगारियां निकली और गत्तों में आग लग गई। कर्मचारी जब तक कुछ समझ पाते तब तक आग भीषण रूप ले चुकी थी। पहले तो कर्मचारियों ने आग को बुझाने का प्रयास किया। लेकिन जब आग बढ़ी तो कर्मचारी फैक्ट्री के अंदर से बाहर भागे। हालांकि इस दौरान फायरब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायरब्रिगेड के तीन वाहन भी मौके पर पहुंच गए और आग को बुझाना शुरू किया ।
आग इतनी भीषण थी कि गत्ते जलने से काले धुएं के गुबार उठने लगे। धुएं के गुबारों को देखकर आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए। आसपास के लोगों ने भी आग को बुझाने का प्रयास किया। लेकिन वे भी सफल नहीं हो रहे थे। चूंकि गर्मी भी अधिक थी और गत्तों ने तुरंत आग पकड़ ली। इसलिए भी आग तुरंत भीषण रूप में बदल गई। आग चूंकि गत्तों में लगी थी। इसलिए भी आग को बुझाने में परेशानी हो रही थी और काबू नहीं हो पा रहा था। हालांकि फायरब्रिगेड के तीन वाहन लगातार पानी डालकर आग को बुझाने का प्रयास किया।

