ग्वालियर का बंगला नहीं किया खाली, मुरैना जिपं CEO इच्छित गढ़पाले से होगी 6.60 लाख रुपयों की वसूली
ग्वालियर. जिला पंचायत सीईओ इच्छित गढपाले मुरैना से पहले ग्वालियर के अपर कलेक्टर थे। ग्वालियर में मिले बंगले को उन्होंने 22 महीने बाद भी खाली नहीं किया है इसलिए ग्वालियर पीडब्ल्यूडी विभाग ने उन पर 6 लाख 60 हजार रुपये की वसूली निकाली है। ग्वालियर लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री ओमहरी शर्मा ने मुरैना कलेक्टर अंकित अस्थाना को पत्र लिखा है।
इस पत्र में कहा गया है कि इच्छित गढपाले 2 नवंबर 2022 को ग्वालियर से मुरैना के लिए कार्यमुक्त हो गए थे लेकिन ग्वालियर आरसी रोड स्थित बंगला क्रमांक 31 को उन्होंने अब तक खाली नहीं किया है। इस बंगले पर अभी भी जिपं सीईओ गढपाले का कब्जा है इसलिए उन पर शासन के नियमों के अनुसार बंगले के किराए के एवज में 30 हजार रुपये प्रति महीने के हिसाब से 6.60 लाख रुपये का जुर्माना तय किया गया है। ग्वालियर पीडब्ल्यूडी ईई ने अपने पत्र में मुरैना कलेक्टर अस्थाना से यह भी अनुरोध किया है कि वह गढपाले से ग्वालियर के बंगले को रिक्त करवाने के लिए कहें और उसने 6.60 लाख रुपये की वूसली कर उसके वाउचर की प्रति उक्त कार्यालय को उपलब्ध करवाई जाए।

