ग्वालियर एयरपोर्ट पर 60 लाख के सोना के साथ 4 गिरफ्तार, मुम्बई से ग्वालियर लाए थे सोना
ग्वालियर. एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग व पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुम्बई से आने वाली एयरबस से उतरे चार मुसाफिरों से चैकिंग में 60 लाख रुपए का करीब एक किलोग्राम सोना मिला है। चारों संदिग्धों से (संयुक्त अरब अमीरात) की करेंसी भी मिली है। शातिर तस्कर सोने को लेड पेंसिल और पेस्ट के रूम में कपड़ों के अंदर छुपाकर लाए थे। जब कस्टम विभाग के अफसर उनकी चैकिंग कर रहे थे तो वह पहले गोल्डन पेस्ट देखकर हैरान हो गए। जब जांच की तो वह सोना निकला। इसके बाद उनके पास मिलीं पेंसिल को घिसकर देखा तो वह भी अंदर से सोने की निकली हैं। चारों आरोपी यूपी के रामपुर के रहने वाले हैं। कस्टम विभाग को आशंका है कि यह UAE से यह सोना लेकर भारत आए थे और ग्वालियर पहुंचे हैं। कस्टम एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ कर रही है।

तलाशी लेने पर कस्टम विभाग के अफसर भी दंग रह गए
ग्वालियर एयरपोर्ट पर शाम के समय मुम्बई से इंडिगो की एयरबस लैंड की थी। तभी कस्टम विभाग को सूचना मिली थी कि एयरबस से मुम्बई से काफी तादाद में सोना तस्करी कर लाया जा रहा है। इस पर कस्टम विभाग ने ग्वालियर पुलिस को मामले से अवगत कराया और महाराजपुरा के सीएसपी रवि भदौरिया को साथ लेकर सिविल एयरपोर्ट पर चैकिंग शुरू की। एयरबस से उतरने वाले हर यात्री की चैकिंग की जा रही थी। तभी एक के बाद एक चार यात्रियांे की तलाशी लेने पर कस्टम विभाग के अफसर भी दंग रह गए। इन यात्रियों की चैकिंग में उनके पास पेस्ट के पैकेट मिले थे। जब उनको दबाया गया तो उनके अंदर से गोल्डर पेस्ट निकला। जांच करने पर वह सोना था। जिसे यह तस्कर पेस्ट के रूप में छुपाकर ला रहे थे। इसके बाद एक अन्य यात्री की तलाशी ली तो उसके पास से लकड़ी की पेंसिल मिलीं। इस पर भी संदेह हुआ जब लेड पेंसिल को घिसा गया तो ऊपर लकड़ी जैसा रंग था पूरी पेंसिल सोने की थी। इसके बाद चारों यात्रियों को हिरासत में लेकर तलाशी में करीब एक किलो सोना मिला है। जिसकी कीमत बाजार में करीब 60 लाख रुपए है। इसके साथ ही उनके पास से UAE की करेंसी भी मिली है।
यह आरोपी पकड़े गए
मुम्बई से आने वाली एयरबस में सोना की तस्करी करते हुए ग्वालियर एयरपोर्ट पर पकड़े गए सोना तस्करों की पहचान मुहम्मद अनीस, मंसूर आलम, अनवर अली, रिसालत अली निवासी टांडा रामपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। यह मुम्बई से फ्लाइट में सवार हुए थे और ग्वालियर उतरने के बाद इन्हें यूपी के रामपुर के लिए जाना था। अब यह सोना कहां ठिकाने लगाना था यह कस्टम की टीम उनसे पूछताछ कर रही है।
पुलिस का कहना
इस मामले में सीएसपी रवि भदौरिया का कहना है कि एयरपोर्ट पर मुम्बई एयरबस से ग्वालियर आए चार संदिग्ध यात्रियों की चैकिंग पर उनसे एक किलोग्राम सोना व कुछ UAE की करेंसी मिली है। कस्टम विभाग उनसे पूछताछ कर रहा है।

