गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाया जाएगा- उप मुख्यमंत्री
ग्वालियर, – उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय प्रदेश का पहला व सबसे पुराना चिकित्सा महाविद्यालय है। ग्वालियर-चंबल संभाग सहित प्रदेश के अन्य जिलों एवं राजस्थान व उत्तरप्रदेश के समीपवर्ती जिलों के मरीज इस महाविद्यालय से जुड़े जेएएच अस्पताल समूह में बड़ी उम्मीद के साथ इलाज कराने के लिए आते हैं। इसलिए गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय को उत्कृष्ट चिकित्सा के लिहाज से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में स्थापित किया जाएगा। इसके लिए आधुनिक चिकित्सा उपकरण, अधोसंरचना, चिकित्सक व पैरा मेडीकल स्टॉफ की पूर्ति सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि जेएएच अस्पताल समूह में आने के बाद हर प्रकार के मरीज को सभी प्रकार की उच्च स्तरीय विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं मिलनी चाहिए। यहां से किसी भी मरीज को कहीं ओर रेफर करने की नौबत न आए। श्री शुक्ल शनिवार को ग्वालियर में गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय की सामान्य परिषद की 10वीं बैठक में यहां की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा कर रहे थे।
गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय से जुड़े अस्पतालों में बाईपास व ओपन हॉर्ट सर्जरी, किडनी ट्रांसप्लांट, न्यूरोसर्जरी व यूरोलॉजी एवं केंसर के बड़े-बड़े ऑपरेशन शुरू करें। इसके लिए सभी जरूरी सुविधाएं सरकार उपलब्ध कराएगी। प्रदेश में उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की सरकार के प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि ग्वालियर मेडीकल कॉलेज सहित प्रदेश के इंदौर, भोपाल, जबलपुर व रीवा के मेडीकल कॉलेज अस्पतालों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा। इस दिशा में तेजी से प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
भवनों का जीर्णोद्धार तथा एडमिन ब्लॉक, नवीन सभागार
मेडीकल कॉलेज भवन , कमलाराजा अस्पताल , टी.बी अस्पताल ,न्यूरोसर्जरी व न्यूरोलॉजी के भवनों का जीर्णोद्धार तथा एडमिन ब्लॉक, नवीन सभागार , चिकित्सकों व स्टाफ के लिए आवासीय परिसर, नर्सिंग कॉलेज व नर्सिंग हॉस्पिटल एवं सीनियर गर्ल्स हॉस्टल के नवीन भवनों के निर्माण के लिए विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कामों को जल्द से जल्द मंजूरी दिलाई जाएगी। जेएएच के पुराने भवन का जीर्णोद्धार कराने की बात भी कही।
ऊर्जा मंत्री ने कमलाराजा अस्पताल का विस्तार व यहाँ की पीडियाट्रिक यूनिट की क्षमता बढाने, ट्रॉमा सेंटर को बेहतर बनाने और जेएएच समूह के खाली पदों की पूर्ति करने का आग्रह किया। विधायक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भितरवार में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने का आग्रह इस अवसर पर किया। सामान्य परिषद की बैठक में मौजूदा वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अनुमानित बजट प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया। इस वित्तीय वर्ष के लिए 2450 लाख रूपय का अनुमानित व्यय अनुमोदित हुआ है।
खाली पद भरने के लिए वॉक इन इंटरव्यू जारी रखें
मेडीकल कॉलेज के डीन को निर्देश दिए कि मेडीकल कॉलेज में स्वीकृत प्राध्यापक व सहायक प्राध्यापकों के खाली पद भरने के लिए लगातार वॉक इन इंटरव्यू कराएं। साथ ही सुपर स्पेशिलिटी सहित अन्य विभागों में जरूरत के मुताबिक पद स्वीकृत कराएं। उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश भर में पदों की पूर्ति के लिए सरकार द्वारा चिकित्सकों के 3500 एवं पेरा मेडीकल स्टाफ के 10 हजार पदों की भर्ती की जा रही है। अक्टूबर माह तक यह भर्ती प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
मरीजों एवं अटेण्डर का हो स्वागत उन्हें भटकना न पड़े
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इलाज के लिए जेएएच समूह आने वाले मरीजों एवं उनके अटेण्डर को अस्पताल पहुँचते ही ऐसा महसूस होना चाहिए कि यहाँ पर उनका स्वागत हो रहा है। उनके प्रति स्टाफ का व्यवहार संवेदशील हो और उन्हें इलाज के लिए भटकना न पड़े। ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे भर्ती की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूर्ण होकर और इलाज शुरू हो जाए। उन्होंने अस्पताल परिसर में मरीजों के आवागमन के लिए जल्द से जल्द टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर वाहन सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
वेतन संबंधी समस्याएं भी जल्द हल की जाएंगी
उप मुख्यमंत्री ने सुपर स्पेशिलिटी के चिकित्सकों को आश्वस्त किया कि उनकी वेतन विसंगति संबंधी समस्या का जल्द निदान किया जाएगा। उन्होंने सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल में चिकित्सकों के पदों की पूर्ति के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश बैठक में दिए।

