किराए पर दी जाएगी बैजाताल के पास की खुली भूमि, फूड चेन ले सकती है जगह
ग्वालियर. मेयर इन काउंसिल की बैठक में बैजाताल के सामने सुलभ काम्प्लेक्स की 9684 वर्गफीट जमीन को किराए पर देने का निर्णय लिया गया है। निगमायुक्त द्वारा प्रस्तावित किए गए प्रीमियम धरोहर राशि और मासिक लाइसेंस शुल्क को ठीक दोगुना कर दिया गया है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि कोई फूड चेन यह जगह किराए पर ले सकती है।
निगमायुक्त किशोर कान्याल ने इस जमीन के लिए प्रीमियम धरोहर राशि दो लाख रुपए और मासिक लाइसेंस शुल्क 19368 रुपए तय किया था, लेकिन मेयर इन काउंसिल के सदस्यों ने धरोहर राशि चार लाख और लाइसेंस शुल्क 38736 रुपए कर दिया है। वर्तमान में इस जमीन पर खाने-पीने के आइटमों के हाथ ठेले खड़े होते हैं। इन हाथ ठेलों से नगर निगम के वसूली ठेकेदार 10 रुपए प्रतिदिन की रसीद काटते हैं, लेकिन अब इस जमीन को किराए पर देने का प्रस्ताव मेयर इन काउंसिल से स्वीकृत होने के बाद इसे नगर निगम परिषद में चर्चा के लिए रखा जाएगा। निगम परिषद में संभावना जताई जा रही है कि किराए की राशि को और बढ़ा दिया जाएगा। किराए की राशि बढ़ने पर कोई भी असंगठित कारोबार करने वाले लोग इसे किराए पर नहीं ले सकेंगे। ऐसे में निगम अधिकारियों का प्रयास है कि बैजाताल पर पर्यटकों की अच्छी-खासी आमद को देखते हुए किसी प्रसिद्ध फूड चेन को यह जगह दे दी जाए। ये फूड चेन इस जगह पर अपना स्टाल या काउंटर लगाकर व्यापार करे। इससे यह इलाका एक पिकनिक स्पाट के रूप में अच्छे से विकसित हो सकेगा। हालांकि निगम का प्रयास था कि बैजाताल के आसपास नाइट बाजार लगाया जाए, लेकिन अब इस स्थान पर फूड जाइंट खुल जाने से पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि होने की उम्मीद है। इस संबंध में कुछ कंपनियों ने नगर निगम से संपर्क भी करना शुरू कर दिया है।

