इमरान खान के पूर्व सलाहकार और चीफ सेक्रेटरी मुल्क से भागे
इस्लामाबाद. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की सरकार बहुत बड़े राजनीतिक संकट से गुजर रही है। 25 या 28 मार्च को संसद में नो कॉन्फिडेंस मोशन यानी अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग होगी। कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि इमरान फ्लोर टेस्ट के पहले ही इस्तीफा दे देंगे।
ये भी कयास हैं कि वो संसद में भाषण के बाद कुर्सी छोड़ेंगे। बहरहाल, खान कुर्सी छोड़ें या न छोड़ें, उनके पूर्व करीबी मुल्क जरूर छोड़ने लगे हैं। खास बात ये है कि पाकिस्तान के कई जर्नलिस्ट इस बारे में पहले ही आशंका जता रहे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमरान के पूर्व एडवाइजर शहजाद अकबर, चीफ सेक्रेटरी आजम खान और पूर्व चीफ जस्टिस ऑफ पाकिस्तान जस्टिस गुलजार अहमद मुल्क छोड़ चुके हैं। यहां जानते हैं आखिर इन तीनों की अचानाक चर्चा क्यों होने लगी है।

