रंगपंचमी पर भक्तों से होली खेलने निकले अचलनाथ, श्री राम, गिर्राज जी व भगवान चक्रधर से भी होली खेली, सनातन धर्म मंदिर में 50 किलो फूलों से स्वागत हुआ
ग्वालियर. रंगपंचमी पर भगवान अचलनाथ भक्तों से होली खेलने के लिए निकले। मंगलवार को भगवान की पालकी दोपहर 12 बजे अचलेश्वर मंदिर से रवाना हुई इसके बाद इंदरगंज चौराहा, दाल बाजार, नया बाजार, लोहिया बाजार, पाटनकर बाजार, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, गस्त का ताजिया स्थित मंदिर में अचलनाथ पहुंच यहां फूल और रंगों से होली खेली गई। इसके बाद ऊंट पुल होते ही गिर्राज मंदिर पर भगवान अचलनाथ का चल समारोह पहुंचा यहां पर गिर्राज के साथ होली की परंपरा का निर्वहन किया गया।
शाम लगभग 4.30 बजे अचलनाथ की सवारी सनातन धर्म मंदिर पहुंची। भगवान अचलनाथ श्री सनातन धर्म मंन्दिर में गाजे-बाजे के साथ भगवान चक्रधर के साथ होली खेलने पहुंचे थे। यहां 50 किलो फूलों से स्वागत किया गया और फूलों की होली भी खेली गई। भगवान चक्रधर से होली खेलने के बाद अचलनाथ अचलेश्वर मंदिर परिसर में पहुंच गए और चल समारोह का समापन हो गया।
उधर, मुरार स्थित श्री भगवान मदन मोहन मंदिर प्रबंधक समिति द्वारा मदन मोहन सरकार एवं राधाकृष्ण स्वरूप के साथ मंदिर प्रांगण में होली मिलन समारोह रंगपंचमी महोत्सव मनाया गया। वहीं हिंदू महासभा द्वारा चामुंडा धाम कोटेश्वर पर श्री राधा कृष्ण, गिरिराज महाराज के समक्ष फूलों और गुलाल से होली खेल कर रंग पंचमी मनाई गई। वहीं दिगंबर जैन सोशल ग्रुप की ओर से रविवार को नई सड़क स्थित तेरापंथी धर्मशाला में होली मिलन समारोह मनाया गया। वहीं बरार धानुक समाज संगठन द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक घनश्याम पिरौनिया रहे, अध्यक्षता मुन्ना बंगरा वालों ने की। उधर श्री वार्ष्णेय समाज ग्वालियर द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। उधर गहोई वैश्य महिला मंडल होली मिलन समारोह का आयोजन 23 मार्च को लहारिया कम्पाउंड में शाम 4 बजे से होगा। यह जानकारी डॉ.वीरा लोहिया ने दी।

