इन्दौर में हुई 30 लाख की डकैती सीए को लूटने वाला फुफेरा भाई ही निकला
इन्दौर. हाईलिंक सिटी में चार्टर्ड अकाउटेंट निखिल चौपड़ा के घर डकैती वाला फुफेरा भाई अभिषेक जैन उर्फ पिन्टू निवासी टांडा (धार) निकला और उसने अपने 4 साथियों जिसमें एक अतिथि शिक्षक और 3 दुकानदारों के साथ मिलकर वारदात की थी। जुआ खेलने का आदी हो चुका पिन्टू कर्ज में डूब चुका था। उसे पता था कि फुफेरे भाई निखिल के घर में गहने-कैश है, इसलिये उसने यह साजिश रची। मोबाइल लोकेशन और कुछ फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को ट्रैस किया और मंगलवार को पांचों को धार जिले के टांडा से गिरफ्तार कर लिया और आरोपियों के पास से गहने भी बरामद किये गये हैं।
क्या है पूरा मामला
31 जनवरी को एरोड्रम क्षेत्र की टाउनशिप में नकाबपोश बदमाशों ने चार्टर्ड अकाउंटेंट के घर डकैती डाली थी। प्रारंभिक तौर पर 30 लाख रूपये की डकैती बताई जा रही थी। फरियादी ने पुलिस को बताया था कि रात लगभग 3.30 बजे नकाबपोश बदमाश घर में छत के रास्ते से घुसे। निखिल, उनकी पत्नी और छोटी बेटी ऊपर के कमरे में सो रहे थे। बदमाशों ने उनके दरवाजे को बाहर से बन्द कर दिया और नीचे आये। नीचे बुजुर्ग माता पिता अजीत चोपड़ा और निर्मला चोपड़ा थे। बुजुर्ग दम्पति ने नींद खुलने पर विरोध किया तो बदमाशों ने डण्डों से उन पर हमला कर दिया था। निर्मला के पहने हुए जेवर सहित घर में रखे जेवर भी बदमाश ले गये थे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 5 नकाबपोश बदमाशहोने की बात सामने आ रही थीं। डेढ़-दो लाख नगद और बाकी 27-28 लाख रूपये के जेवर डकैत ले गये थे।
इन्हें किया गिरफ्तार
अभिषेक जैन उर्फ पिंटू पिता दिनेश जैन निवासी सदर बाजार टांडा (सरगना)
मंगू पिता जुवान सिंह निवासी पिपरानी धार (पिंटू के साथ रैकी करते वक्त साथ था)
रमेश पिता केसू अलावा निवासी ग्राम पिपरानी धार (वारदात में शामिल)
मुकाम पिता जुवान सिंह निवासी दूधिया फालिया टांडा धार (वारदात में शामिल)
रविन्द्र उर्फ रवि पिता नवल सिंह निवासी बुधिया फाला टांडा धार (वारदात में शामिल)

