इंदौर में कोरोना के चार नए मरीज मिले
इंदौर. चार व्यक्तियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। एक उपचाररत मरीज ने कोरोना को हराया और पूरी तरह से ठीक हुआ। इस दिन 109 सैंपल जांचे गए। वर्तमान में इंदौर में कोरोना के उपचाररत मरीजों की संख्या पांच है। अब तक शहर में 38,68,873 सैंपलों की जांच की गई। इनमें से 2,12,525 में संक्रमण की पुष्टि हुई। राहत की बात यह है कि इन संक्रमितों में से 2,11,050 पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।
11 स्थानों पर निशुल्क लगेगी कोवैक्सीन
शनिवार को इंदौर में 11 स्थानों पर कोवैक्सीन टीका निशुल्क लगाया जाएगा। निशुल्क कोविशील्ड टीके के लिए फिलहाल इंतजार करना पड़ेगा। कुछ निजी सेंटरों पर जरूर यह उपलब्ध है। स्वास्थ्य विभाग ने शासन स्तर पर कोविशील्ड टीके की मांग भेज दी है। शनिवार को 11 स्थानों पर निश्शुल्क कोवैक्सीन टीके उपलब्ध करवाए गए हैं। इनमें हुकमचंद पाली क्लीनिक, महावीर ट्रस्ट टीकाकरण केंद्र, राजेंद्र नगर शहरी स्वास्थ्य केंद्र, एमओजी लाइंस शहरी स्वास्थ्य केंद्र, मल्हारगंज अस्पताल, मांगीलाल चूरिया अस्पताल, बाणगंगा अस्पताल, अरण्य नगर अस्पताल, भंवरकुआं अस्पताल, खजराना शहरी स्वास्थ्य केंद्र, पीसी सेठी अस्पताल और एमवाय अस्पताल शामिल हैं। इनमें से एमओजी लाइंस स्वास्थ्य केंद्र को छोड़कर शेष सभी जगह कोवैक्सीन के 200-200 टीके उपलब्ध करवाए गए हैं। एमओजी लाइंस पर 300 कोवैक्सीन टीके उपलब्ध रहेंगे।

