आज से आपके घर आएंगे BLO, 2003 की वोटर लिस्ट से तय होगा SIR
भोपाल. मध्य प्रदेश में शुरू हुई स्पेशल इंसेन्टिव रिवीजन यानी एसआईआ की प्रक्रिया को 2003 की वोटर लिस्ट के आधार पर तय किया जाएगा। 2003 से 2025 के बीच जिले की मतदाता सूची में कुल 9.26 लाख से अधिक मतादाता बढ चुके है। एसआईआर प्रक्रिया से जुडे प्रशासनिक अफसरों के अनुसार बढे हुए मतदाताओं में से 60 प्रतिशत यानी करीब साढे पांच लाख मतदाता ऐसे है जो अन्य शहरों, राज्यों से भोपाल पहुंचे। इन्हें ही अब एसआईआर में अपने मूल निवास, पहचान, जन्म से जुडे दस्तावेज दिखाने होंगे।
आज से लगेगी ड्यूटी
बीएलओ के साथ सहायक भी दिया जाएगा। गुरूवार से इसके लिए ड्यूटी शुरू हो जाएगी। एसआईआर के लिए प्रशिक्षण का एक भाग पहले ही तय हो चुका है। एसडीएम के माध्यम से बीएलओ ने 2003 की सूची से मौजूदा सूची का मिलान की प्रक्रिया अपने स्तर पर पूरी कर ली है। आगामी काम के लिए विधानसभा स्तर पर प्रशिक्षण होगा। एक विधानसभा में 12 से अधिक स्थान इसके लिए तय किए जा रहे है।
तय समय में पूरे होंगे काम- कलेक्टर
भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि, एसआईआर के लिए टीम ट्रेनिंग शुरू की जा रही है। तय समय में मतदाता सूची से जुड़े काम पूरे कर लिए जाएंगे।

