अपराधियों पर एक्शन में NIA, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब समेत देशभर में 60 स्थानों पर छापेमारी
नई दिल्ली. राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सोमवार को अपराध सिंडिकेट पर नकेल कसने के लिए पूरे भारत में 60 स्थानों पर छापे मारे। 60 स्थानों में दिल्ली, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पंजाब की प्रमुखता से कार्रवाई की गई। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा लॉरेंस बिश्नोई गैंग, बंबिहा गैंग और नीरज बवाना गैंग के 10 गैंगस्टरों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत दो प्राथमिकी दर्ज करने के बाद एनआईए जांच कर रही है।
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के बाद NIA की बड़ी कार्रवाई
इससे एक दिन पहले पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने कहा था कि सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में गिरफ्तार किए गए आतंकी समूहों और गैंगस्टरों के बीच मजबूत सांठगांठ है। पाकिस्तानी आतंकी एजेंसियां इस सांठगांठ का फायदा उठा रही हैं। एनआईए की रिपोर्ट के मुताबिक, नीरज सेहरावत उर्फ नीरज बवाना और उसका गिरोह मशहूर हस्तियों की लक्षित हत्याओं और सोशल मीडिया पर आतंक फैलाने में शामिल है।
नीरज बवान के गुर्गे भी निशाने पर
सूत्रों के अनुसार नीरज बवाना और उसका गिरोह भी इस समय लॉरेंस बिश्नोई के साथ गैंगवार में शामिल है। पंजाबी गायक-राजनेता सिद्धू मूसेवाला की हत्या के कुछ घंटों बाद नीरज बवाना ने घोषणा की थी कि उसका गैंग गायक की मौत का बदला लेगा और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करेगा। एनआईए की छापेमारी भारत और विदेशों में जेलों के अंदर से संचालित होने वाले गिरोहों पर नकेल कसने के लिए की जा रही है। इनमें गोल्डी बरार जैसे गैंगस्टर शामिल हैं, जिन्होंने कनाडा से सिद्धू मूसेवाला की हत्या को अंजाम देने में मदद की थी।

