होली पर मिलावटी चीजों से बचें, टीकमगढ़ जा रहा 240 किलो नकली मावा पकड़ाया
ग्वालियर. होली के त्योहार के चलते मिलावटी मावा खपाने का खेल शुरू हो गया है। इस खेल का कंट्रोल भिंड और मुरैना से किया जा रहा है। भिंड से मावा सप्लाई करने का काम भी शुरू कर दिया है। इसे शहर में अलग-अलग जगह बनाए गए गोदामों पर छिपाकर रखने के साथ दूसरे जिलों में भेजा जा रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग टीम एक सूचना पर फूलबाग मैदान चौराहा पहुंचीं, जहां ओम साईं टूरिस्ट वाहन से मावे का परिवहन होता मिला। इससे साफ पता चलता है कि नकली मावे का कारोबार जोर पकड़ने लगा है, यह मावा भिंड से ग्वालियर भेजा गया था। ग्वालियर चंबल अंचल मिलावट के मामले में कुख्यात है। ग्वालियर में मावा और पनीर का उत्पादन नहीं है, लेकिन मिलावट का मार्ग मुरैना और भिंड से जुड़ा हुआ है। मुरैना से दूध और पनीर आता है, वहीं भिंड से मावे की सप्लाई होती है।
चैकिंग प्वाइंट जांचे जा रहे नमूने
छोटी-बड़ी गाड़ियों से लेकर पब्लिक ट्रांसपोर्ट वाहनों में छिपाकर इनकी सप्लाई मिलावटखोरों ने शुरू कर दी है। खाद्य सुरक्षा विभाग का दावा है कि सैंपल लेने के साथ विभिन्न चेकिंग प्वाइंट पर जांच कर नूमने राज्य लैब भोपाल भेजा जा रहा है। विभाग के इस दावे के बावजूद मिलावटखोर सक्रिय रहकर होली के त्योहार पर मिलावटी मावा और पनीर की सप्लाई करने की तैयारी कर चुके हैं।

