स्मार्ट सिटी के कार्यों की आज भोपाल में समीक्षा, थीम रोड का निकल सकता है रास्ता
ग्वालियर. ग्वालियर सहित प्रदेश की सात स्मार्ट सिटी के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा सोमवार को भोपाल में की जाएगी। नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव मनीष सिंह और आयुक्त निकुंज कुमार श्रीवास्तव इस समीक्षा बैठक में कार्यों की जानकारी लेंगे। इस बैठक में ग्वालियर स्मार्ट सिटी के अफसर थीम रोड पर बिजली कंपनी द्वारा लगाए गए पेंच के निराकरण का भी प्रयास करेंगे। संभावना जताई जा रही है कि समीक्षा बैठक के बाद बिजली कंपनी के अफसरों से चर्चा कर इस समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।
दरअसल, स्मार्ट सिटी के बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट थीम रोड पर बिजली कंपनी के अफसरों ने तारों को अंडरग्राउंड डक्ट बनाकर ले जाने के लिए कहा है। इससे इस प्रोजेक्ट को पूरा होने में समय लगेगा, साथ ही व्यस्त बाजारों में डक्ट बनाने के लिए खुदाई करने पर यातायात व्यवस्था प्रभावित होगी। डक्ट बनाने में भी स्मार्ट सिटी को लगभग 12 करोड़ रुपये खर्च करने पड़ेंगे। पिछले दिनों बिजली कंपनी के एमडी गणेश शंकर मिश्रा ने भी बिजली के तारों को अंडरग्राउंड ले जाने और सिर्फ हाईटेंशन लाइन को खंबों पर रखने पर सहमति दे दी थी, लेकिन इसके बाद लिखित में इसका कोई आदेश नहीं आया। इसके बाद बिजली कंपनी के स्थानीय अफसरों ने इस रोड पर अंडरग्राउंड बिजली की लाइन के वार्षिक रखरखाव का अनुबंध करने के लिए भी कहा है। इससे इस प्रोजेक्ट में काम आगे ही नहीं बढ़ पा रहा है। अब सोमवार को होने वाली बैठक में इस समस्या का निराकरण कराने के प्रयास किए जाएंगे।

