सुपावली व इकहरा में किया 157 लाख रूपए लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण
ग्वालियर परिवार के सदस्यों जैसी चिंता कर प्रदेश सरकार दूरस्थ ग्रामीण अंचल में बुनियादी सुविधायें मुहैया करा रही है। अच्छी सड़कें, सुदृढ़ पेयजल व बिजली व्यवस्था एवं बेहतर शिक्षा व स्वास्थ्य सेवायें तरक्की के पैमाने होते हैं। मुरार ग्रामीण क्षेत्र में इसी सोच के साथ दूरस्थ गाँवों तक ये सभी बुनियादी सुविधायें सरकार ने मुहैया कराई हैं। यह बात उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने कही। मंगलवार को जनपद पंचायत मुरार के दूरस्थ ग्राम सुपावली व इकहरा में विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव ने की।
इनमें ग्राम इकहरा व सुपावली में बनने जा रहे उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन शामिल हैं। उन्होंने इसके अलावा अमृत सरोवर व अन्य जलाशय, इकहरा की विभिन्न गलियों में सीसी रोड़ सहित अन्य विकास कार्यों की आधारशिला रखी। साथ ही विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया।
ग्वालियर ग्रामीण क्षेत्र में प्रदेश सरकार ने दो सीएम राईज स्कूल खोले हैं। ग्राम बेरजा में स्थापित हुए सीएम राईज स्कूल से सुपावली व इकहरा सहित लगभग 15 से 20 किलोमीटर के दायरे में बसे बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा मिलेगी। स्कूल तक आने जाने के लिये वाहन व्यवस्था भी सरकार द्वारा की जा रही है। इसी तरह छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज के लिये ग्रामीणों को शहर तक न जाना पड़े, इस उद्देश्य से इकहरा व सुपावली में उप स्वास्थ्य केन्द्र भी बन रहे हैं।
जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश जाटव ने कहा कि प्रदेश सराकर ने उप स्वास्थ्य केन्द्रों एवं सीएम राईज स्कूलों की सौगात देकर दूरस्थ क्षेत्र के गाँवों के विकास को नई दिशा दी है।
93 करोड़ रूपए की लागत से बनेगी हाईवे से बिजौली होते हुए जिगिनिया तक सड़क
राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने ग्राम इकहरा में बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों को खुशखबरी सुनाते हुए कहा कि हाईवे से गणेशपुरा, बिजौली व इकहरा होते हुए बेहट मार्ग की तरह चौड़ी और पक्की सड़क बनेगी। इस सड़क के निर्माण के लिये सरकार ने हाल ही में 93 करोड़ रूपए की राशि मंजूर की है। उन्होंने ग्राम इकहरा में प्रतीक्षालय भवन, शांतिधाम रोड़, खेल मैदान सहित अन्य विकास कार्यों को जल्द से जल्द मंजूरी दिलाने का भरोसा भी इस अवसर पर ग्रामीणों को दिलाया।
फूड प्रोसेसिंग के लिये दीदियों के समूह को मिलेगा 40 हजार का अनुदान
उद्यानिकी विभाग द्वारा महिला स्व-सहायता समूहों को फूड प्रोसेसिंग इकाई शुरू करने के लिये प्रति समूह के मान से 40 हजार रूपए का अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद समूहों की दीदियों से इसका लाभ उठाने का आह्वान किया।

