सीपी कॉलोनी में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर मजदूर की दर्दनाक मौत
ग्वालियर. सीपी कॉलोनी में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि हादसे में उसका एक साथी करंट लगने से झुलस गया है। जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी भी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना सीपी कॉलोनी गोल्डन मैरिज गार्डन है। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। छतों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजरने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हालात पर नियंत्रण कर पड़ताल शुरू कर दी है। शहर के उपनगर मुरार स्थित SLP (श्यामलाल पांडवीय) कॉलेज के पास गोल्डन मैरिज गार्डन है। जिसमें लधेड़ी निवासी राकेश बाथम और संजय काम कर रहे थे। यह गार्डन किसी सुरेश कुमार का बताया गया है जबकि मजहरउद्दीन खान नामक ठेकेदार गार्डन में निर्माण कार्य करा रहा था। जहां मजदूर राकेश बाथम और उसका साथी काम कर रहे थे।शनिवार सुबह गार्डन पर काम करते हुए राकेश और संजय हाईटेशन लाइन की चपेट में आ गए और नीचे आ गिरे। हादसे में राकेश की मौके पर ही मौत हो गई थी।
दूसरे घायल को अस्पताल पहुंचाया
बता दें कि हाई टेंशन लाइन मकानों को छूती हुई जा रही है जिसके कारण पहले भी हादसे हुए हैं। मजदूर राकेश बाथम एवं संजय गार्डन के ऊपर की तरफ काम करते हुए हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर नीचे जा गिरे। जहां राकेश बाथम ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि संजय को गंभीर हालत में लोगों ने पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों ने पहले भी मकानों से हाई टेंशन लाइन को दूर शिफ्ट किए जाने की मांग की थी। लेकिन बिजली विभाग के अधिकारियों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया है। न ही जनप्रतिनिधि इस आफत को लेकर सचेत है।
स्थानीय निवासियों में आक्रोश
खास बात यह है कि ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न तोमर खुद ग्वालियर के रहने वाले हैं लेकिन सीपी कॉलोनी ही नहीं अन्य इलाकों में भी हाई टेंशन लाइन हादसों को बुलावा दे रही है। इससे पहले भी शहर में आधा दर्जन घटनाओं में कई लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है।

