सीएम ने ग्वालियर में सदस्यता ग्रहण समारोह में जनता से वादा किया, मोदी जी 12 हजार करोड़ देंगे, 3 साल में प्रदेश बनेगा आत्मनिर्भर
ग्वालियर. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्वालियर में भाजपा के सदस्यता ग्रहण समारोह में जनता से वादा किया और कहा कि वह आने वाले तीन साल में प्रदेश को आत्मनिर्भर बना देंगे। 10 से 12 हजार करोड़ आत्मनिर्भर भारत के तहत मोदी सरकार प्रदेश को देने वाली है। कोरोना काल में टैक्स नहीं आ रहे है लेकिन हमने 2200 करोड़ रुपया फसल बीमा का प्रीमियम जमा करके 3100 करोड़ रुपये किसानों के खाते में जमा करवाया। सितंबर के पहले सप्ताह में 4500 करोड़ उनके खाते में और डाले जाएंगे।
कार्यक्रम में शिवराज ने कांग्रेस से बीजेपी में आए कार्यकर्ताओं से कहा कि आप लोग पार्टी में नहीं परिवार में आए है हालांकि इस दौरान शिवराज ने कांग्रेस आलाकमान पर तंज कसे बिना नहीं रह सके और उन्होंने कहा कि कांग्रेस में एक ही परिवार के लोग आपस में राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद ले लेते हैं।
वहीं सिंधिया को लेकर सीएम ने कहा कि महाराज की वजह से 2018 में गई हमारी कुर्सी 2020 में वापस मिल गई। हमने सोचा नहीं था 15 महीने में मिल जाएगी। शिवराज ने कहा कि कमलनाथ सरकार अहंकार में थी, अहंकार तो रावण तक का नहीं रहा तो इनका कहां तक रहता।

