सिटी सेंटर पर दर्दनाक हादसा, परीक्षा देकर घर लौट रहे स्कूटर सवार छात्र को कार ने टक्कर मारी, मौत
ग्वालियर. सिटी सेंटर क्षेत्र में आरोग्य धाम के सामने कार की टक्कर से स्कूटर सवार कॉलेज के छात्र उज्ज्वल राणा की मौत हो गई। घटना के बाद चालक कार लेकर भाग निकला। मामला दर्ज करने के बाद यूनिवर्सिटी थाना पुलिस कार और चालक का पता लगा रही है। थाना प्रभारी मनीष धाकड़ ने बताया कि उज्ज्वल प्रेस्टीज कॉलेज में बीसीए का छात्र था। सोमवार को कॉलेज से परीक्षा देकर स्कूटर क्रमांक एमपी 07 एसक्यू 4398 से घर लौट रहा था।
पुलिस घटना के सीसीटीवी फुटेज निकाल रही
आरोग्यधाम के सामने नीले कलर की तेज रफ्तार कार उसके स्कूटर को टक्कर मारती हुई निकल गई। टक्कर इतनी तेज थी कि उज्ज्वल बेसुध होकर पुल पर गिर पड़ा। उज्ज्वल के पिता हरनाम सिंह राणा दूसरे वाहन से उसके पीछे ही चल रहे थे। वे स्थानीय लोगों की मदद से बेटे को ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। साथ ही पुलिस को बताया कि कार पर नंबर नहीं था। पुलिस घटना के समय के उस रूट के सीसीटीवी फुटेज निकाल रही है, ताकि कार और चालक तक पहुंचा जा सके।

