शहर से बाहर तिघरा रोड पर पकड़ा 70 डलिया मावा, 8 नमूने भी लिए, भोपाल भेजने की थी तैयारी
ग्वालियर. तिघरा रोड पर लाखन सिंह के मकान से 70 डलिया मावा खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने फिर जब्त किया। इसे मोर बाजार के मावा कारोबारियों ने भिंड से मंगवाया था और भोपाल भेजने की तैयारी थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जब्त मावे से 8 नमूने लिए और इसके बाद सभी डलिया मावा कारोबारियों की सुपुर्दगी में दे दिया। इससे पहले 27 अक्टूबर 2022 को भी इसी जगह पर भारी मात्रा में मावे की डलिया रखीं मिली थीं। तब कुछ डलिया भूसे के ढेर में रखी मिली थीं।
कारोबारियों ने बताया कि मावा भिंड से मंगवाया
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम दोपहर बाद तिघरा रोड पर लाखन सिंह के मकान के बाहर पहुंची तो मुख्य दरवाजा बंद था। अंदर दो कर्मचारी मिनी ट्रक (एमपी-07-जीबी-0531) में मावे की डलिया चढ़ा रहे थे। इन्होंने बताया कि उक्त 70 डलिया मावा मोर बाजार के प्रभु दयाल (17 डलिया), राजाराम (18 डलिया), दिलीप यादव (17 डलिया) और लक्ष्मी नारायण नरवरिया (17 डलिया) का है। इसके बाद टीम ने इन सभी को मौके पर बुलाया। कारोबारियों ने बताया कि मावा भिंड से मंगवाया है और इसे पहले की तरह भोपाल भेज रहे हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश शर्मा ने कहा कि कारोबारी मावा 280 रुपए किलो के हिसाब के बिक्री करते हैं। इस हिसाब से कुल 3 हजार 492 किलो मावे की कीमत 9 लाख 77 हजार 760 रुपए आंकी गई है। शर्मा ने कहा कि 8 नमूने लेकर जब्त मावा चारों कारोबारियों की सुरक्षित अभिरक्षा में दे दिया गया है। उधर, जीवाजीगंज क्षेत्र में शिव भोग मिष्ठान भण्डार से रसगुल्ला, शिवेक मिष्ठान भण्डार से दूध का और गजानंद डेयरी से दूध एवं घी के नमूने लिए गए। डबरा में भी 4 मिठाई दुकान व डेयरियों से जांच के बाद 11 नमूने लिए गए।

