शहर में है असुरक्षित महिलायें छेड़छाड़ से हैं परेशान
ग्वालियर. बहनें, बेटियां और महिलायें कितनी सुरक्षित हैं इसका अंदाजा आप इस बात से ही लगा सकते हैं कि 24 घंटे में 4 छेड़छाड़ व ब्लैकमेल करने के मामले शहर के थानों में दर्ज हुए हैं। कहीं मनचले ने युवती को जबरन कार में ले जाने का प्रयास किया है तो कहीं महिला का रास्ता रोका है। इतना ही नहीं एक महिला को मोबाइल पर न्यूड फोटो, वीडियो भेजकर ब्लैकमेल किया गया है। जब विरोध किया गया तो महिलाओं के साथ मारपीट की गयी है। महिलाओं की शिकायत पर गिरवाई, इंदरगंज, बहोड़ापुर और डबरा थाना पुलिस ने मामले दर्ज किये है। एसपी ग्वालियर अमित सांघी ने लगातार हो रही घटनाओं पर तत्काल अंकुश लगाने के लिये निर्देशित किया है।
कपड़े फाडे छेड़छाड़ की, हाथ काटकर बचाई आबरू
गिरवाई क्षेत्र के अलीनगर निवासी 11 वर्षीय रानी छात्रा हैं। शुक्रवार को पड़ोस में रहने वाला मोहरसिंह जाटव सस्ते में आटा दिलवाने का झांसा देकर ले गया और एकांत स्थान पर उसके साथ जबरदस्ती करने लगा। जब छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी ने कपड़े फाड़ दिये। आरोपी को हावी होते देखकर छात्रा ने उसके हाथ में काट लिया और मौका पाकर वहां से भाग आयी। मामले का पता चलते ही परिजन छात्रा को लेकर थाने पहुंचे और मामला दर्ज कराया और आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी है।
छात्रा से छेड़छाड़, कपड़े फाड़े, लात-घूसों से पीटा
डबरा के रामनिवास कॉलोनी निवासी 18 वर्षीय राजकुमार (बदला हुआ नाम) छात्रा अपने घर पर अकेली थी और दोपहर को खाना खाकर लेट गई थी। इसी बीच छत के रास्ते पड़ोस में रहने वाला सूरज गोस्वामी उसके घर आया, सोते में ही उसके साथ गलत हरकत करने लगा। जब छात्रा की नींद खुली तो उसने विरोध किया। इस पर आरोपी ने उसके कपड़े फाड़ दिए और उसकी लात घूसों से मारपीट की। किसी तरह छात्रा आरोपी के चंगुल से भागी और शोर मचाकर मदद मांगी। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
पड़ोसी ने अश्लील फोटो व पत्र भेजे, हुआ न्यूड
बहोड़ापुर के उरवाई गेट निवासी महिला रज्जो (बदला हुआ नाम) ने शिकायत की है कि उसके पड़ोस में रहने वाला मुकेश कुशवाह उसे अश्लील इशारे करता है और उसके घर अश्लील फोटो व पत्र फेंकता है। मोबाइल पर वीडियो भेजता है इतना ही नहीं जब भी वह बाहर आती है तो अपने घर की बालकनी में न्यूड खड़ा हो जाता है। इसके साथ अश्लील इशारे करता है। लगातार उसकी इस हरकत से मानसिक तनाव होने लगा है। आरोपी कभी भी गलत हरकत कर सकता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

