विजयवर्गीय बोले-पूरे देश में लागू होगा गुजरात फॉर्मूला
हरदा. गुजरात विधानसभा चुनाव में बीजेपी को बड़ी जीत मिली है। अब गुजरात के इसी फॉर्मूले को अगले साल एमपी में होने वाले चुनाव में भी लागू किए जाने की चर्चा है। गुजरात फॉर्मूले को लेकर बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि ये फॉर्मूला मध्यप्रदेश में ही नहीं, पूरे देश में लागू होगा। उन्होंने कहा कि गुजरात में हर चुनाव में भाजपा का वोट प्रतिशत बढ़ा है। यह एक बड़ी उपलब्धि है, किसी भी राजनीतिक दल के लिए। इससे सीख लेनी चाहिए। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा- विरोधी दल पीएम मोदी को गाली देते हैं। लेकिन मेरी उनको सलाह है कि मोदी जी के काम और राजनीति को सीखना भी चाहिए। हिमाचल प्रदेश के परिणाम को लेकर कहा कि वहां तो यही होता है, एक बार भाजपा, एक बार कांग्रेस। वहीं गुजरात में आम आदमी पार्टी की एंट्री को लेकर कहा कि आम आदमी पार्टी ने सिर्फ 5 सीट जीती हैं। अर्थी देने के लिए भी पांच लोगों की जरूरत होती है। 4 कंधे देने और एक हांडी उठाने के लिए।
कैलाश विजयवर्गीय ने भजन गाया, कमल पटेल थिरके
हरदा में स्थानीय विधायक और कृषि मंत्री कमल पटेल ने प्रसिद्ध कथावाचक जया किशोरी की भागवत कथा का आयोजन कराया है। इसी में शामिल होने के लिए विजयवर्गीय यहां पहुंचे। इस दौरान कृषि मंत्री ने कैलाश विजयवर्गीय से एक भजन गाने का आग्रह किया। जिसके बाद विजयवर्गीय ने ‘ मीठे रस से भरी राधा रानी लागे, मने खारो-खारो यमुना जी का पानी लागे’ भजन गाया। कैलाश के इस भजन पर कृषि मंत्री कमल पटेल जमकर नाचे। कथा में आए हजारों श्रद्धालु भी भक्ति के रस में डूब गए और कैलाश के भजन पर झूमने लगे।

