रास्ते को लेकर झांसी रोड पर लगाया यातायात जाम
ग्वालियर. 20 वर्ष से जिस रास्ते से निकल रहे थे, शनिवार को उसे आईटीएम कॉलेज के कुछ कर्मचारियों ने बन्द कर दिया। यहीं नहीं, गांव के लोगों के लिये लगे बिजली के पोल भी उखाड़कर फेंक दिये। इस वजह से अपनी ही जमीन से बेदखल करने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गये। शुक्रवार की सुबह लोगों ने हंगामा कर झांसी रोड़ हाइवे पर जाम लगा दिया। कुछ ही देर में दोनों ओर वाहनों की कतार लग गयी। सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन जाम स्थल पर पहुंचे। प्रशासन ने 15 दिन में मामले को सुलझाने का आश्वासन दिया, तब हाइवे से लोग हटे और जाम खुल सका।
महिलायें तोड़फोड़ के लिये तैयार थी
झांसी रोड स्थित आईटीएम संस्थान के पास रामनगर और आसपास के कुछ गांव में लगभग 600-700 लोगों की आबादी है। यह रेलवे की पटरियों के पास रास्ते से लगभग 20 वर्ष से भी ज्यादा समय से आवाजाही कर रहे हैं। लोगों का आरोप है कि यहां से सीधे वह हाइवे पर निकल आते हैं, लेकिन कुछ दिन से यहां आईटीएम संथान से जुड़े लोग आकर रास्ते वाली जमीन को अपनी बताकर धमकी देते हैं। रामनगर निवासी रामनाथ मोगिया ने कहा है कि शनिवार की दोपहर आईटीएम के लोग आये और रास्ता खोद डाला। बिजली के खम्भे उखाड़ दिये। इससे गांव के लोग आक्रोषित हो गये और हाइवे पर प्रदर्शन करने उतर आये। कुछ देर में हाइवे जाम कर दिया गया। जाम की खबर मिलत ही तहसीलदार, आरआई और झांसी रोड थाना पुलिस जाम स्थल पर पहुंची। महिलायें हाथों में डण्डा लेकर तोड़फोड़ करने को तैयार थी।
जल्द होगा समाधान
जब जिला प्रशासन ने 15 दिनों में समया के समाधान करने और यहीं से रास्ता दिलवाने का आश्वासन दिया, तब जाकर लोग हाइवे से हटे और यातायात सामान्य हो पाया।

