युवक की बेरहमी से हत्या, चादर में लिपटा मिला शव, चेहरा पत्थर से कुचला मिला, सीसीटीवी में दिखाई दिया संदिग्ध युवक

ग्वालियर. कम्पू इलाके में शुक्रवार की सुबह एक युवक की लाश फुटपाथ पर चादर में लिपटी हुई हालत में मिली। शव एक पैथोलॉजी लैब के बाहर पड़ा था। चादर खून से सनी थी। राहगीरों ने जब देखा तो तत्काल पुलिस को खबर दी। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जब चादर हटाई गयी तो भीतर 45-50 साल के एक व्यक्ति का पत्थर से कुचला चेहरा नजर आया।
शरीर पर थे चाकू के निशान
पुलिस को घटनास्थल पर खून से सना एक बड़ा पत्थर भी मिला है। जिससे युवक का चेहरा बेरहमी से कुचल दिया गया। शुरूआती जांच में ऐसा भी लग रहा था कि मृतक के शरीर पर चाकू जैसे धारदार हथियार के घाव भी है। हालांकि इसकी पुष्टि पोर्स्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिये भिजवाया गया है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकती है। कम्पू थाना पुलिस आसपास के इलाके में मृतक की पहचान के प्रयास कर रही है।
CCTV में दिखा संदिग्ध युवक
पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज खंगाले हैं। घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर कैमरे में एक युवक भागता हुआ नजर आया है, जो शक के दायरे में है। पुलिस पैथोलॉजी खुलने के बाद उसकी रिकॉर्डिंग भी देखेगी।

