मेहगांव जनपद में फर्जी मतदान, मतपेटी में डाला तेजाब, मतदान केंद्र पर फायरिंग
भिण्ड़. जनपद खेरिया तोर मतदान केन्द्र पर गोली चलाई गयी। फर्जी मतदान के लिये कुछ लोग मतदान केन्द्र में जबरदस्ती घुस आये। कुछ लोगों ने मतपेटी में तेजाब डाल दिया। इसके चलते समय से आधे घंटे पहले ही यहां मतदान बन्र करा दिया गया। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गयी है। यहां एक व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। यह मेहगांव थाना क्षेत्र की घटना है। जनपद की 104 पंचायतों में तीसरे चरण की मतदान प्रक्रिया पूरी हो गयी। दोपहर 3 बजे तक अधिकांश पंचायतों में मतदान किया गया। 3 बजे के बाद मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं को प्रवेश बंद कर दिया। दौनापुरा पंचायत केन्द्र पर लगभग 40 मतदाता लाइन में लगे थे। इन मतदाताओं को मतदान करने की अनुमति दी गयी।
फर्जी मतदान की सूचना पर पहुंची पुलिस
यहां फर्जी मतदान की सूचना मिलने पर पुलिस हंसपुरा गांव पहुंची। मतदान केन्द के अन्दर घूम रहे एक शख्स को हिरासत में ले लिया गया है। यहां महिला प्रत्याशी खुशबू तोमर ने फर्जी मतदान की शिकायत की थी। उन्होंने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाये हैं। उन्होंने कहा है कि शिकायत करने पर पुलिस कार्यवाही करने की जगह उन्हें ही धमका रही है। खुश्बू ने पुलिस पर फर्जी मतदान करने वालों का समर्थन करने का आरोप लगाया।
मेहगांव की गोरम ग्राम पंचायत में उपद्रव करने के लिए लोगों ने भीड़ लगाई। डीएसपी पूनम थापा मौके पर पहुंच गई हैं। पुलिस ने कुछ लोगों को भारौली थाने में बैठा लिया है। वहीं वॉर्ड क्रमांक 13 से प्रत्याशियों के पतियों को गोरमी पुलिस ने नजरबंद कर लिया है। इनके बीच हुई गहमागहमी के बाद पुलिस ने सभी को थाने में बैठाया है। यह वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित है। यहां से दीपका सिंह भदौरिया, रानू सिंह भदौरिया, सुनीता नरेन्द्र चौधरी, उर्मिला मिश्रा, माधुरी सिंह नरवरिया, शान्ति देवी राउत जिला पंचायत सदस्य के लिए चुनाव लड़ रही हैं। इनके पतियों के नाम के पी सिंह भदौरिया, अजय सिंह भदोरिया, शिव प्रताप सिंह भदौरिया, नरेंद्र चौधरी, सौरव मिश्रा, सुरेश रावत और अरविंद नरवरिया हैं।

