मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना -350 बुजुर्गों को तीर्थ कराने स्पेशल ट्रेन जगन्नाथपुरी रवाना
ग्वालियर प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत बुजुर्गों को तीर्थ करा रही है। इस योजना के तहत गुरूवार को ग्वालियर से जगन्नाथपुरी तीर्थ के लिए स्पेशल रेलगाड़ी रवाना हुई। सांसद विवेक शेजवलकर, लघु उद्योग विकास निगम की अध्यक्ष श्रीमती इमरती देवी, बीज एवं फॉर्म विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल व भाजपा जिला अध्यक्ष अभय चौधरी ने हरी झण्डी दिखाकर तीर्थ दर्शन स्पेशल ट्रेन को रवाना किया। इस स्पेशल ट्रेन से ग्वालियर जिले के लगभग 350 बुजुर्ग तीर्थ करने गए हैं। अतिथियों ने बुजुर्गों का पुष्पाहारों से आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद हरी झण्डी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। बुजुर्गों के सहयोग के लिये जिला प्रशासन द्वारा अधिकारियों व कर्मचारियों की एक टीम तीर्थ यात्रियों के साथ भेजी गई है।
तीर्थ दर्शन स्पेशल ट्रेन को रवाना करते समय नगर निगम के पार्षदगण सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

